Shahjahanpur News: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की मौत
कांट। सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के बादशाहनगर निवासी शैलेंद्र (35) की बाइक में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। दोनों लकड़ी काटने जा रहे थे।
शैलेंद्र ठेकेदार के अधीन लकड़ी को काटने का काम करता था। रविवार को वह अपने साथी बटेश्वर के साथ इकनौरा गांव में काम पर जा रहा था। कांट-जलालाबाद रोड पर पिपरोला के पास पेपर मिल तिराहे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में शैलेंद्र की मौके पर मौत हो गई, जबकि बटेश्वर को घायलावस्था में राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सूचना पर मृतक की पत्नी रीता अपने चार बच्चों के साथ राेते-बिलखते हुए पहुंची। पति की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी रीता के कंधों पर आ गई है।

