शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: आंखों के सामने ही भाई को मार डाला

Connect News 24

बरेली। प्रो. आलोक कुमार गुप्ता की चाकू से गोदकर हत्या ने उनके परिजनों को हिला दिया। प्रोफेसर के भाई प्रशांत ने बताया कि उनकी आंखों के सामने ही उनके भाई की हत्या कर दी गई। हत्यारा लगातार चाकू से वार कर रहा था, पर वह देखने के सिवा कुछ न कर सके। उन्होंने प्रॉपर्टी के विवाद में हत्या की आशंका जाहिर की है।

आलोक की पत्नी खुशबू उर्फ सोनम का गंभीर हालत में बरेली के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। बाद में परिजन वहां से उनकी छुट्टी कराकर ले गए। आलोक के भाई प्रशांत, उनकी पत्नी रुचि और पिता सुधीर के हाथ पर भी चाकू के जख्म हैं। कपड़ों पर जमा खून रात में हुई बर्बरता की कहानी कह रहा था।

प्रशांत ने बताया कि वर्ष 2009 में उनके भाई अतुल गुप्ता की हत्या हुई थी। उनका शव रेलवे ट्रैक पर मिला था। पुलिस ने इसे हादसा मानते हुए फाइल बंद कर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी एक दुकान को लेकर कुछ लोग आपत्ति कर रहे थे, उसका केस भी चला। बाद में उन्होंने उसे एक ब्लॉक प्रमुख को बेच दिया। जमीन खरीदने वालों से उनका कोई विवाद नहीं पर उनका परिवार कई लोगों की आंखों में खटकता था। उन्हें यही लगता है कि पकड़े गए शख्स को हत्या के लिए ही भेजा गया था। उन लोगों की उससे कोई रंजिश नहीं और न ही वे लोग उसे जानते हैं।

आईजी बोले- चोरी के इरादे से घुसे थे बदमाश, घिरने पर की हत्या

आईजी डॉ. राकेश कुमार सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया। अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता लगा है कि चारों बदमाश चोरी के इरादे से घर में घुसे थे। उस वक्त कुछ गिरने की आवाज हुई तो आलोक जाग गए। आरोपियों ने आलोक हमला कर दिया। आलोक चीखे तो परिवार से लेकर पड़ोसी तक जाग गए। शायद खुद के घिरने की खुन्नस में हमलावर ने आलोक की हत्या कर दी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button