शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: निकाय चुनाव में हार पर हटाए बसपा जिलाध्यक्ष, उदयवीर को सौंपी कमान

Connect News 24

शाहजहांपुर। नगर निकाय चुनाव में करारी हार के बाद बसपा के जिलाध्यक्ष जदुवीर गौतम पर गाज गिर गई। नगर निगम, पालिका व नगर पंचायतों में प्रत्याशियों के बेहतर प्रदर्शन नहीं करने पर जदुवीर को हटा दिया गया। उनकी जगह पर बरेली के मुख्य जोन कोऑर्डिनेटर उदयवीर सिंह को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। छह जिला प्रभारी के नाम भी घोषित कर दिए गए हैं।

बसपा ने नगर निकाय चुनाव में अपने प्रत्याशियों को उतारा था। नगर निगम में बसपा का प्रदर्शन काफी खराब रहा। प्रत्याशी तीसरे नंबर पर रहा। इसी तरह जिन नगर पालिका व नगर पंचायतों के प्रत्याशियों को उतारा, वहां भी स्थिति बेहतर नहीं रही। चुनाव के नतीजे आने के बाद ही संगठन में टिकट वितरण को लेकर नाराजगी सामने आने लगी थी।

मुख्य जोन कोऑर्डिनेटर उदयवीर सिंह व संगठन के अन्य मोर्चों ने जिला नेतृत्व की रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती को भेजी थी। माना जा रहा था कि चुनावी हार का ठीकरा जिम्मेदार के सिर पर फूटेगा। बुधवार की देर शाम को बसपा ने शाहजहांपुर में फेरबदल कर दिया। जिलाध्यक्ष जदुवीर गौतम को हटा दिया गया। उनके स्थान पर मुख्य जोन कोऑर्डिनेटर उदयवीर सिंह को जिम्मेदारी दी गई।

उदयवीर पूर्व में भी जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। इसी तरह दिनेश एडवोकेट, संतन पाल, जयवीर गौतम, राजेश कश्यप, राजीव गौतम, चंद्रकेतु मौर्या को जिला प्रभारी बनाया गया है। बसपा बरेली मंडल के जिला प्रभारी अपनी विधानसभा के कार्य को देखेंगे। इसी तरह अजय सागर, मुनीश गौतम, जसपाल गौतम,देवशंकर गौतम, आदर्श कुमार, परवेश गौतम को जिला सचिव बनाया गया। संगठन ने जिले की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के सचिव भी नियुक्त कर दिए हैं।

संगठन का कार्य कमजोर मिलने पर फेरबदल किया गया। लोकसभा चुनाव की तैयारी करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा। उदयवीर सिंह, जिलाध्यक्ष-बसपा


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button