Shahjahanpur News: जमीनी विवाद से जुड़े मामले ज्यादा, मायूस लौटे फरियादी

जनसुनवाई की खबर में पीड़ित, तहयरा। संवाद
शाहजहांपुर। हर शनिवार को आयोजित होने वाले थाना समाधान दिवस में गुणवत्तापूर्ण ढंग से शिकायतों का निस्तारण नहीं होने से फरियादी भी कन्नी काटने लगे हैं। नाममात्र के ही फरियादी पहुंच रहे हैं। उनमें से अधिकतर जमीन संबंधी विवाद होने के चलते राजस्व विभाग के हवाले कर जाते हैं।
यहां सदर थाने में सुबह दस बजे से समाधान दिवस शुरू हुआ। नगर मजिस्ट्रेट डॉ. वेदप्रकाश मिश्रा और सीओ सिटी बीएस वीर कुमार सदर थाने पहुंचे। अधिकारियों के आने से पहले लेखपाल व अन्य प्रशासनिक कर्मचारी पहुंच गए।
उन्होंने आए हुए फरियादियों की समस्याओं पर सुनवाई शुरू की। दोपहर साढ़े 12 बजे एडीएम प्रशासन संजय पांडेय, एसपी सिटी सुधीर जायसवाल थाने पहुंचे। हाल यह था कि फरियादी कम और अधिकारी-कर्मचारी अधिक थे। अधिकारियों ने भूमि संबंधी विवादाें को सुना। थाना प्रभारी रवींद्र सिंह के अनुसार, सात शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें दो का निस्तारण नहीं होने के चलते अगली तारीख दी गई है।
–
सीओ के आदेश के बाद मेडिकल परीक्षण कराया
शुक्रवार की रात को बेटे राजू के साथ घर लौटते समय एक लड़के ने मारपीट की। गर्दन दबाने का प्रयास किया। मारपीट में दांत टूट गए। समाधान दिवस में सीओ को प्रार्थना पत्र दिया। उनके आदेश के बाद मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।
– तहबरा, मोहल्ला ककरा
–
जमीन के मामले का निस्तारण नहीं हो सका
हमने भूमि का बैनामा कराया था। गांव का एक व्यक्ति जमीन पर कब्जा किए हुए है। वह जमीन नहीं छोड़ रहा है। अफसरों के सामने पेश हुए, लेकिन समाधान नहीं निकल सका। अगली तारीख दे दी गई।
– राजाराम, मोहल्ला जमौर
जलालाबाद : 16 में मात्र दो शिकायतों का निस्तारण
जलालाबाद। एसडीएम रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुए थाना दिवस में 16 शिकायतें आईं। इनमें से दो का ही निस्तारण हुआ। फरीदापुर ग्राम पंचायत के मंझरा कहार गौटिया से आई बिटोली देवी ने बताया कि उनकी जमीन पर कुछ लोगों द्वारा किए गए कब्जे की शिकायत की थी। अभी कोई समाधान नही हुआ। गांव दियुरा से वीरपाल ने बताया कि उनके खेत के कुछ हिस्से पर गांव के ही एक व्यक्ति ने पक्का निर्माण कर लिया। शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। एसडीएम ने बताया कि शिकायतों के निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्वकर्मियों की टीम गठित कर मौके पर जांच कराकर शिकायत का निस्तारण कराया जाता है।
–
पुवायां थाने में एसपी ने सुनीं समस्याएं
पुवायां। एसपी अशोक कुमार मीणा ने शनिवार को थाना समाधान दिवस में पुवायां आकर समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में शिकायतें सुनने के बाद एसपी ने अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। समाधान दिवस, आईजीआरएस की शिकायतों को भी देखा और जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि थाना परिसर में सफाई रहनी चाहिए। संवाद
–
खुटार : छह में से सिर्फ एक का निस्तारण
खुटार। थाना दिवस में शनिवार को छह शिकायतें दर्ज की गईं। एक का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। नायब तहसीलदार अमित कुमार, थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह, कानूनगो दिनेश कुमार पांडे ने शिकायतें सुनीं। संवाद

जनसुनवाई की खबर में पीड़ित, तहयरा। संवाद

जनसुनवाई की खबर में पीड़ित, तहयरा। संवाद