Shahjahanpur News: भयावह मंजर देख सिहर उठे तिलहर के दंपती

ट्रेन में यात्रा कर रहे विजय कुमार वर्मा उनकी पत्नी कमला वर्मा। संवाद
मदुरै में ट्रेन के एक अन्य कोच में सवार थे विजय व उनकी पत्नी, बाल-बाल बचे
संवाद न्यूज़ एजेंसी
तिलहर। तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सिलिंडर फटने के बाद लगी आग में नौ लोगों की मौत हो गई। ट्रेन के एक अन्य कोच में सवार तिलहर के शिशु मंदिर के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य विजय कुमार वर्मा और उनकी पत्नी कमला वर्मा हादसे का मंजर देखकर सिहर गए। अफरातफरी के बाद परिजनों को अपने सुरक्षित होने की जानकारी दी तो उन्होंने राहत की सांस ली।
बहू सविता वर्मा ने बताया कि ससुर विजय वर्मा और सास कमला वर्मा 17 अगस्त को लखनऊ से रामेश्वरम जाने वाली ट्रेन में गए थे। सविता वर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह ट्रेन में आग लगने की सूचना पर वे सभी घबरा गए। इसके बाद मोबाइल पर कॉल की तो विजय वर्मा ने खुद के सुरक्षित होने की बात बताई।
सविता ने बताया कि ससुर विजय वर्मा हादसे के बाद दहशत में आ गए थे। सुबह अधिकतर यात्री नींद में थे। धमाका होते ही ट्रेन से बाहर निकलने के लिए यात्रियों में भगदड़ मच गई। किसी तरह बाहर निकले तो सामने का मंजर देखकर सिहर गए। कोच से लपटें उठ रहीं थीं और लोगों के चीखने की आवाज आ रही थी। तुरंत बचाव कार्य शुरू हो गया। सविता वर्मा ने बताया कि सभी यात्रियों को प्रशासन ने अपनी सुरक्षा में ले लिया है। उन्हें वापस घर भेजने का प्रबंध किया जा रहा है।