Shahjahanpur News: कनेक्शन दिया नहीं, शुरू कर दी जलकर वसूली

नगर निगम में संभव के तहत हो रही जनसुनवाई में नगर आयुक्त को शिकायती पत्र देती महिला। स्रोत संवाद
शाहजहांपुर। नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को संभव के तहत जनसुनवाई दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने शिकायतों को सुना। इस दौरान शिकायतकर्ता बिना कनेक्शन के जलकर वसूली और रोड कटिंग की शिकायत लेकर पहुंचे। लोगों को समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
मंगलवार सुबह 10 बजे से जनसुनवाई दिवस कार्यक्रम का आयोजन होता है। शासन की ओर से वीडियो कॉन्फ्रेंस होने के कारण 11 बजे तक जनसुनवाई नहीं हो सकी। इसके बाद नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने शिकायतों को सुना। हुंडालखेल निवासी आनंद गुप्ता और पार्षद दिवाकर मिश्रा ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि शहर में अतिक्रमण की समस्या का निदान नहीं हो पा रहा। उन्होंने इसमें नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया। उन्होंने मोहल्ला चौभुर्जी में पांच साल पहले निर्मित ओवरहेड टैंक से जलापूर्ति चालू न होने की शिकायत की। इस पर नगर आयुक्त ने महाप्रबंधक जल सौरभ श्रीवास्तव से जानकारी ली। बताया कि जल निगम की ओर से अभी टेस्टिंग कराई जा रही है। इसके बाद कृष्णानगर स्थित श्रीकृष्ण मंदिर के कार्यवाहक प्रधान हरीश बजाज ने बताया कि जल निगम की ओर से डॉ. वाईके सिंह अस्पताल से फायर ब्रिगेड तक रोड कटिंग का कार्य शुरू करवाने की घोषणा की है। इसकी वजह से श्रीकृष्ण मंदिर से कार्तिक मास में प्रतिदिन निकलने वाली प्रभातफेरी प्रभावित होगी। उन्होंने 28 नवंबर के बाद रोड कटिंग का कार्य शुरू करवाए जाने की मांग की। इस पर नगर आयुक्त ने एक्सईएन जल निगम सुनील कुमार यादव को फोन कर रोड कटिंग का काम 28 नवंबर के बाद करवाने के निर्देश दिए।
चार शिकायतों में दो का मौके पर निस्तारण : संभव के तहत जनसुनवाई दिवस कार्यक्रम में कुल चार समस्याएं/शिकायतें प्राप्त हुई। जिनमें से मौके पर दो का ही निस्तारण करवाया जा सका। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, सहायक नगर आयुक्त रश्मि भारती, महाप्रबंधक जल सौरभ श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर मौजूद रहे।

नगर निगम में संभव के तहत हो रही जनसुनवाई में नगर आयुक्त को शिकायती पत्र देती महिला। स्रोत संवाद

नगर निगम में संभव के तहत हो रही जनसुनवाई में नगर आयुक्त को शिकायती पत्र देती महिला। स्रोत संवाद

नगर निगम में संभव के तहत हो रही जनसुनवाई में नगर आयुक्त को शिकायती पत्र देती महिला। स्रोत संवाद