Shahjahanpur News: जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा ढाई घाट

ढाईघाट गंगातट पर अयोध्या में श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को बड़ी स्क्रीन पर देखते ल
मिर्जापुर। शृंगी ऋषि की तपोभूमि ढाई घाट सोमवार को जय श्रीराम और जय सीताराम के जयकारों से गूंज उठा। यहां लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री जितिन प्रसाद के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अयोध्या में श्रीरामलला मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का बड़ी स्क्रीन पर सजीव प्रसारण देखा। वहीं, युवाओं ने वाहनों से श्रीरामदूत रैली निकाली।
ढाईघाट गंगातट पर चल रहे माघ मेले में पीडब्ल्यूडी मंत्री ने श्रीरामदूत यात्रा का स्वागत किया। मंत्री ने श्रद्धालुओं, साधु-संतों और श्रीरामदूतों के साथ जिला पंचायत के कैंप कार्यालय में अयोध्या में हुए कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णराज, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह, विधायक हरिप्रकाश वर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी, आयुष प्रताप सिंह विभु, कौशल मिश्र, विनीत मिश्र, अरविंद दीक्षित, भूपेंद्र सिंह भन्नु, एसडीएम महेश कुमार कैथल, फर्रुखाबाद पीडब्ल्यूडी एक्सईएन राजकुमार पिथौरिया, शाहजहांपुर के एक्सईएन रथिन सिन्हा आदि मौजूद रहे।
वहीं, कस्बे के काली देवी मंदिर में शुभ मुहूर्त में काशी से आए आचार्य पं. अभिषेक व्यास ने श्रीराम दरबार की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा करवाई। प्राचीन दुर्गा मंदिर से सैकड़ों युवाओं ने वाहनों के साथ रामदूत यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा ग्राम तारापुर, जरियनपुर, पाठकपुर, मोहम्मदपुर गुलड़िया, सिंगापुर, पृथ्वीपुर, ढाई, धीयरपुरा होते हुए ढाईघाट गंगातट पर पहुंची। कालीदेवी मंदिर, श्रीओम शिव मंदिर, बालाजी मंदिर, जरियनपुर में बालाजी धाम और बहेरिया में मिलकिया मोड़ पर स्थित शिव मंदिर पर जयश्रीराम के उद्घोष के साथ भंडारा हुआ।
