Shahjahanpur News: पिटाई से घायल चालक की पांच दिन बाद मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Tue, 21 Nov 2023 12:48 AM IST

गांव नवदिया ओरीलाल निवासी सुभाष का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
खुटार। मालिक की पिटाई से घायल गांव नवदिया ओरीलाल निवासी 25 वर्षीय सुभाष की पांच दिन बाद रविवार को मौत हो गई। वह बेहोशी की हालत में चार दिन तक बिना इलाज के घर में ही पड़े रहे। उनके भांजे ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मारपीट का कारण पता नहीं चला है।
बदायूं के थाना दातागंज के गांव सैंजनिया से आए सुभाष के भांजे जितेंद्र कुमार ने बताया कि उनके अविवाहित मामा गांव में अकेले रहते थे। यहां वेदप्रकाश का ट्रैक्टर चलाते थे। 15 नवंबर को किसी बात पर वेदप्रकाश ने उनके मामा को लाठी-डंडों से काफी मारा-पीटा जिससे वह बेहोश हो गए। चार दिन तक वह घर में ही बेहोशी की हालत में पड़े रहे। 19 नवंबर को ग्रामीणों की सूचना पर वह नवदिया ओरीलाल पहुंचे। जितेंद्र की सूचना पर पुलिस ने सुभाष को सीएचसी भिजवाया। जितेंद्र की तहरीर पर वेदप्रकाश के खिलाफ रात में ही पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रविवार शाम सुभाष की मौत हो गई। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी ग्रामीण शाहजहांपुर संजीव वाजपेयी ने भी जांच के आदेश दिए हैं।

