Shahjahanpur News: खोदी गईं सड़कें बारिश से कीचड़ में हुईं तब्दील, दिक्कत
– खोदाई के बाद मिट्टी से भरकर छोड़ दीं सड़कें, लोग परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। शहर में सीवर लाइन डालने के लिए सड़कों की खोदाई का कार्य चल रहा है। वर्तमान में गलियों की सड़कें खोदी जा रहीं हैं। मंगलवार को सुबह बारिश होने से यह सड़कें कीचड़ में तब्दील हो गईं। जिसकी वजह से कॉलोनी वासियों व राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
उस्मान चौकी के सामने पुराने एआरटीओ कार्यालय वाली गली, तारों वाले बाग और रंगीन चौपाल में गलियों की सड़कों को खोदा गया है। सीवर लाइन डाले जाने के बाद सड़कों के गड्ढों को भरने के लिए मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया। जोकि बारिश होने से कई जगह बैठ गई। जिसकी वजह से फिर से गड्ढे हो गए तो वहीं मिट्टी गीली होने से कीचड़ फैल गई।
सबसे खराब हालात पुराना एआरटीओ कार्यालय वाली गली और तारों वाला बाग की गलियों में देखने को मिले। जहां राहगीरों को चलने में दिक्कत हुई, तो वाहनों के पहिये फिसलते रहे। जिससे कुछ लोग गिरकर चोटिल भी हो गए। बारिश बंद होने के बाद मजदूर सूखी मिट्टी डालते दिखे।
वहीं दूसरी ओर बारिश की वजह से शहर की सड़कों पर जलभराव भी हो गया। इनमें रोडवेज बस अड्डे से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर बारिश का पानी सड़क पर भरा रहा। रेलवे स्टेशन के परिसर में पानी भरने से यात्रियों को आने-जाने में परेशानी हुई।
इसके अलावा लाल इमली चौराहा से तारीन टिकली की ओर जाने वाले मार्ग पर मस्जिद के सामने, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के सामने भी जलभराव हो गया। जिससे होकर ही लोगों को गुजरना पड़ा।
तिलहर। मंगलवार को तड़के हुई ढाई घंटे तक बारिश ने पूरे नगर को जलमग्न कर दिया। नगर के तमाम मोहल्लों में भारी बारिश के कारण जलभराव होने से लोगों के घरों में भी पानी घुस गया। जिस कारण लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। बारिश होने से तमाम सरकारी भवनों और स्कूलों में पानी भर गया। जिस कारण कई स्कूलों के बच्चों की छुट्टी भी करनी पड़ी।