Shahjahanpur News: वकीलों ने की खुटार थाना प्रभारी के निलंबन की मांग
तहसील बार एसोसिएशन की बैठक में पास किया गया प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
पुवायां। तहसील बार एसोसिएशन की बैठक में खुटार के थाना प्रभारी के निलंबन की मांग करते हुए प्रस्ताव पास किया गया।
मंगलवार को जयशंकर अवस्थी की अध्यक्षता में तहसील सभागार में हुई बैठक में कहा गया कि अधिवक्ता आलोक सिंह के साथ थाना प्रभारी ने अभद्र व्यवहार किया। झूठी तहरीर पर मारपीट की रिपोर्ट भी दर्ज कर ली गई। विधायक ने भी अधिवक्ता पर द्वेषवश कार्रवाई कराई है।
वकीलों ने थाना प्रभारी और विधायक के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए तय किया गया कि बार एसोसिएशन का शिष्टमंडल भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मिलकर विधायक की शिकायत करेगा। वक्ताओं ने थाना प्रभारी का निलंबित किए जाने और झूठी रिपोर्ट निरस्त करने की मांग की।
महामंत्री प्रभाकर मिश्रा के संचालन में हुई बैठक में रामकिशोर सक्सेना, बालकृष्ण वर्मा, भूपेंद्र सिंह, अनुराग गुप्ता, विश्वराज सिंह, प्रवीण कुमार गुप्ता, सतीश कुमार पाल, अमरपाल गुप्ता सहित तमाम वकील मौजूद रहे।