Shahjahanpur News: हैंडओवर होने से पहले ही दरका नवनिर्मित दसवां संस्कार स्थल
जलालाबाद। हैंडओवर होने से पहले ही बारहपत्थर चौराहे के पास बना दसवां संस्कार स्थल गिरताऊ हालत में पहुंच गया है। इस मामले में कार्रवाई की बजाय पालिका प्रशासन लीपापोती करने में लग गया है।
नगर के विभिन्न स्थानों पर दसवां संस्कारस्थल खुली जगह पर थे। इन कार्यक्रमों में पहुंचने वाले लोग धूप और बरसात में परेशान हो जाते थे। इस दिक्कत को दूर करने के लिए पूर्व चेयरमैन के कार्यकाल में आजादनगर में मंडी समिति के पास और बारहपत्थर चौराहे पर आसरा आवास कॉलोनी के पास पालिका की खाली पड़ी भूमि पर दो दसवां संस्कार स्थल मंजूर हुए थे। पालिका द्वारा निर्माण संबंधी टेंडर अगस्त 2022 में निकाले गए।
कॉलोनी के पास बने इस स्थल के निर्माण का ठेका गुरुकृपा इंटरप्राइजेज के पास था। इसकी लागत 34 लाख 31 हजार रुपये थी। कुछ महीने पहले बारह पत्थर का संस्कार स्थल बनाकर तैयार कर दिया गया। इंजीनियर द्वारा इसे पास कर संबंधित फर्म को 13 लाख का भुगतान भी कर दिया गया। इस स्थल का निर्माण करीब दो-तीन महीने पहले ही पूरा हुआ है और इसके चारों ओर बनाई गई बाउंड्रीवॉल समेत फर्श में भी चौड़ी दरारें पड़ गईं हैं।
कई फुट ऊंची चहारदीवारी में पिलर भी नहीं बनाए गए और अंदरूनी हिस्से में डाले गए टिन शेड को जाल में एंगल से कसने की बजाय सीमेंट से चिपका दिया गया। शौचालय की अंदरूनी स्थिति भी बदतर है। नगर पालिकाध्यक्ष शकील अहमद ने बताया कि संस्कार स्थल के निर्माण में की गई धांधली साफ नजर आ रही है दो दिन पहले मैंने इसका निरीक्षण किया गया था। भवन जर्जर हालत में है। निर्माण कंपनी को नोटिस जारी के निर्देश ईओ को दिए गए हैं। ईओ दयाशंकर वर्मा ने कहा कि अभी संस्कार स्थल का निर्माण पूरा नहीं हुआ है न ही कंपनी का भुगतान किया गया है। जो भी कमी है, उसे ठीक कराया जाएगा।