Shahjahanpur News: अभी तैयार ही नहीं आरआरआर सेंटर, कैसे हो जरूरतमंदों की मदद
शाहजहांपुर। नगर निगम की ओर से आरआरआर सेंटर खोले जाने की योजना है जिसके माध्यम से जरूरतमंदों की आवश्यकताओं को पूरा करने का दावा किया जा रहा था। अभी तक एक भी आरआरआर सेंटर नहीं खुल सका है।
रिड्यूज, रिसाइकल, रियूज (आरआरआर) सेंटरों पर कोई भी व्यक्ति अपनी गैर जरूरी वस्तुओं जैसे पुराने जूते-चप्पल, किताब, बोतल, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान, बक्से, प्लास्टिक की वस्तुएं, खिलौने आदि जमा कर सकते हैं। जरूरतमंद इन सेंटर से अपनी आवश्यकता के हिसाब से सामान ले जा सकेंगे। इसके साथ ही इन अनुयोगी वस्तुओं से उपयोगी वस्तुएं भी बनवाई जाएंगी। आरआरआर सेंटर शहर में कई स्थानों पर बनाए जाने थे।
एक सेंटर का निर्माण टाउनहाल स्थित शहीद द्वार में किया गया है, परन्तु उसका संचालन शुरू नहीं हुआ है। अधिशासी अभियंता निर्माण आशीष त्रिवेदी का कहना है कि शहीद द्वार में बने आरआरआर सेंटर पर अनुपयोगी वस्तुओं को रखने के लिए अलमारियों की व्यवस्था की जानी है। इसके साथ ही एक कर्मचारी को भी लगाया जाएगा, जोकि सेंटर पर आने वाली अनुपयोगी वस्तुओं को एकत्रित करेगा। बताया कि सेंटर का संचालन नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जाएगा। उन्हीं के माध्यम जरूरतमंदों को आवश्यकता के अनुसार वस्तुएं उपलब्ध कराने और उपयोगी वस्तुओं को तैयार करवाया जाएगा।