Shahjahanpur News: मेले ने दिलाया 151 अभ्यर्थियों को रोजगार

आईटीआई में आयोजित रोजगार मेला में चयनित अभ्यर्थी प्रमाण पत्रों के साथ
शाहजहांपुर। रोजा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में पिछले पांच माह में पांच रोजगार मेले लगाए गए। इसमें 249 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, लेकिन रोजगार केवल 151 को ही मिल सका।
आईटीआई में लगभग हर माह रोजगार मेले का आयोजन करता है। कोशिश रहती है कि तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को कैंपस प्लेसमेंट का लाभ मिल सके। रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा साक्षात्कार और लिखित परीक्षा के माध्यम से अभ्यर्थियों का चयन किया जाता है। पिछले पांच महीनों में कुल पांच रोजगार मेले रोजा स्थित आईटीआई में लगे। इनमें 249 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। अब तक 151 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जिन अभ्यर्थियों का चयन नहीं हो सका, उनको निराश होना पड़ा।
बुधवार को हुआ 124 अभ्यर्थियों का चयन
बुधवार को रोजा स्थित आईटीआई में रोजगार मेला लगा। इसमें 158 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें से 124 का चयन कंपनियों द्वारा किया गया। मेला में पंतनगर और दिल्ली की दो निजी कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। इनका चयन विभिन्न पदों के लिए किया गया है। इस मौके पर प्रधानाचार्य नागेंद्र सिंह, कार्यदेशक रामसरन, सोमिंद्र कुमार, राजकुमार, सेवायोजन कार्यालय से विश्वमोहन मौजूद रहे।
कब कितने अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा
29 मई 17 प्रतिभागी 05 चयनित
11 जुलाई 28 प्रतिभागी 14 चयनित
28 जुलाई 13 प्रतिभागी 06 चयनित
08 अगस्त 33 प्रतिभागी 02 चयनित
06 सितंबर 158 प्रतिभागी 124 चयनित

