Shahjahanpur News: पिता-पुत्र को तीन माह तक बंधक बनाकर कराई मजदूरी

कलेक्ट्रेट में अपने बच्चों के साथ बैठी फरियादी।संवाद
शाहजहांपुर। मजदूरी का लालच देकर तीन माह तक पिता-पुत्र को एक व्यक्ति ने गुजरात के राजकोट में बंधक बनाकर रखा। मजदूरी मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित किसी तरह बेटे के साथ जान बचाकर घर पहुंचा। उसने डीएम को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना निगोही के गांव उदयपुर कटैया निवासी फारुख खान ने डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पड़ोसी ने उसे बताया कि राजकोट में प्लांट का ठेका मिला है। 15 हजार रुपये मजदूरी मिलेगी। अगर साथ में बेटे को लेकर चलते हो तो उसे 10 हजार तक मिल जाएंगे। वह अपने 14 वर्षीय पुत्र मोअज्जम को लेकर अप्रैल में पड़ोसी व्यक्ति के साथ राजकोट चला गया। उसने और बेटे ने वहां मजदूरी की लेकिन मजदूरी नहीं दी गई। तीन माह तक उसे बंधक बनाकर रखा। इस दौरान आरोपी उन्हें धमकाता रहा। किसी तरह से वे लोग वहां से भागकर एक जुलाई को अपने गांव पहुंचे। आरोपी उसकी बड़ी बेटी को उठा ले जाने की धमकी भी दे रहा है। उसने मजदूरी दिलाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।