Shahjahanpur News: चांदपुर फायरिंग मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार

खुटार में पकड़े गए चांदपुर में गोलीकांड के आरोपी
खुटार। गांव चांदपुर में पुरानी रंजिश में 26 जून की रात फायरिंग कर तीन लोगों को घायल करने के आरोपी सहकारी समिति चांदपुर के सचिव रामबाबू दीक्षित सहित पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गांव चांदपुर में पुरानी रंजिश के चलते मंगलवार रात गांव की ही सहकारी समिति में सचिव के पद पर कार्यरत के रामबाबू दीक्षित और उनके परिवार, रिश्तेदारों ने गांव के ही सुरेंद्र कुमार के घर धावा बोलकर फायरिंग की थी। फायरिंग, धारदार हथियारों से प्रहार और डंडे चलने से सुरेंद्र कुमार, सुरेंद्र की पत्नी शीलू देवी, भतीजा सर्वेश, सर्वेश की पत्नी प्रीति देवी घायल हो गईं थीं। सुरेंद्र कुमार के पुत्र विशाल की ओर से सात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने 28 जून को प्रीतमपुर जंगल से रामबाबू दीक्षित, उनके भाई राजीव, पुत्र शिवांशु दीक्षित, विपुल कुमार, रिश्तेदार पुवायां के गांव उमरिया के पवन शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से दो कारें और तीन बाइकें भी बरामद की गईं। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। दो आरोपी अभी पुलिस पकड़ से बाहर हैं।
यूपी कांग्रेस की ओर से किया गया ट्वीट
चांदपुर में हुए गोलीकांड के मामले में यूपी कांग्रेस की ओर से ट्वीट कर पुलिस पर सवाल उठाए गए हैं। ट्वीट में कहा गया है कि चांदपुर में पुलिस के सामने गोलीकांड हुआ और पीड़ितों पर ही एफआईआर दर्ज कर दी गई। ट्वीट में पुलिस पर नेताओं के पक्ष में रहने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाए गए हैं। पुलिस ने ट्वीट पर जवाब लिखा है कि मामले में अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि सुरेंद्र के पुत्र की ओर से रिपोर्ट दर्ज क पांच आरोपी जेल भेजे गए हैं। दूसरे पक्ष से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।