Shahjahanpur News: महापौर ने लिया सफाई व्यवस्था का जायजा

निगोही रोड स्थित ईदगाह के पास सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करतीं महापौर अर्चना वर्मा व अन्य
शाहजहांपुर। महापौर अर्चना वर्मा ने बुधवार को नगर निगम कार्यालय में बैठक कर सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सफाई व्यवस्था के साथ ही सफाईकर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इससे पहले शहर ईदगाह व अन्य स्थानों पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
बैठक में महापौर ने कहा कि महानगर में सफाई व्यवस्था पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। इसके लिए सुबह के समय कार्यस्थल पर सभी सफाईकर्मियों की मौके पर उपस्थिति होनी चाहिए। यह सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से उपस्थिति पंजिका चेक की जाए, बेवजह अनुपस्थित रहने वाले सफाईकर्मियों का वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार को निर्देश दिए संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान के तहत अभियान चलाकर सफाई कार्य करवाया जाए, नियमित रूप से फॉगिंग कराएं।
महापौर ने सुबह के समय निगोही रोड पर स्थित ईदगाह, बड़ी ईदगाह, सराय काइयां स्थित छोटी ईदगाह के निरीक्षण के दौरान बकरीद को ध्यान में रखकर सभी मस्जिदों और ईदगाह के आसपास सफाई कराने, कुर्बानी के बाद अवशेष से सही निपटान की व्यवस्था कराए जाने, शुद्ध पेयजलापूर्ति और स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने निर्देश दिए। इस मौके पर अपर नगर अयुक्त एसके सिंह, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक पवन कुमार आदि मौजूद रहे।