Shahjahanpur News: भूख, बीमारी और अंधेरे से जूझ रहे बाढ़ पीड़ित

बाढ़ पीड़ित ग्राम पैलानी में बाढ़पीड़ितों की समस्याएं सुनते नायब तहसीलदार पूनम मधुकर। संवाद
शाहजहांपुर। गंगा की बाढ़ घटने के बाद भी लोगों की परेशानियां कम नहीं हो रहीं। बिजली न आने से गांवों में अंधेरा कायम है। लोगों के सामने रोटी का संकट है। संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। करीब महीने भर से बच्चे स्कूल नहीं गए हैं। वहीं बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए न प्रशासन आगे आ रहा है और न ही जनप्रतिनिधि प्रयास करते नजर आ रहे हैं।
शुक्रवार को ग्राम पैलानीबाढ़, मस्जिद नगला और कटैला नगला के बाढ़ पीड़ितों का हाल देखने नायब तहसीलदार पूनम मधुकर और पंकज कुमार नाव से पहुंचे। कई बाढ़ पीड़ित महिलाओं ने रोते हुए कहा कि उनके घरों में तीन-तीन दिन चूल्हा नहीं जला। आसपास के लोग मदद न करते तो उनके बच्चे भूख से मर जाते। गांव में फैली आंख की बीमारी और बुखार से पीड़ित होने की जानकारी दिए जाने पर नायब तहसीलदारों ने कहा कि जल्द स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा के शिविर लगवाए जाएंगे। हालांकि राशन या अन्य मदद की बात कहने पर अधिकारियों ने कोई जवाब नहीं दिया।
मस्जिद नगला की जाहिदा ने बताया कि पति की मौत के बाद सात बच्चों के परिवार की गुजर बसर मजदूरी करके कर रहीं थीं। 20 दिन से बाढ़ में मजदूरी मिलना बंद होने से परिवार भुखमरी की कगार पर है। यही हाल मस्जिद नगला, कटैला नगला, पैलानी आदि बाढ़ग्रस्त गांवों के परिवारों का है। बाढ़ के पानी से कई कच्चे घरों की दीवारें गिर गईं हैं। परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।
वहीं एसडीएम कलान महेश कुमार कैथल का कहना है कि बाढ़ कम हो रही है। बाढ़ आने पर घर छोड़कर आश्रय स्थल पर रहने वालों को बाढ़ राहत सामग्री दिए जाने के निर्देश हैं, जो बाढ़ से घिरे गांवों के परिवार अपने घरों में रहकर खाना बनाते हैं, उन्हें बाढ़ राहत दिए जाने के निर्देश नहीं हैं। फिर भी समाजसेवियों के माध्यम से पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद की जाएगी।
गंगा की कटरी का आधा क्षेत्र बाढ़मग्न, विषैले जीवों से खतरा बढ़ा
चुनाव में हर सुख-दुख में मदद का वादा करने वाले जनप्रतिनिधि क्षेत्र में झांकने नहीं आए हैं। आज गंगा की कटरी का आधा इलाका बाढ़ से जूझ रहा है। लोगों की परेशानी देखने वाला कोई नहीं है।
– जाहिदा, मस्जिद नगला
घरों में भरा पानी धीरे-धीरे निकल रहा है। घर-आंगन में कीचड़ ही कीचड़ है। ईंधन भीग गए हैं। दिन में एकबार खाना बनाकर काम चल रहे हैं। गांव की बिजली कटी हुई है। रात में अंधेरे पसरा रहता है।
– अनमोल, ग्राम पैलानी
गांव को आने वाली सड़क बाढ़ में कट गई है। बाढ़ घटने के बाद भी सड़कों पर पानी भरा हुआ है।जिससे गांव के बाहर निकलना मुश्किल है। कुछ दिन गांव के स्कूल में आश्रय लिया। जब स्कूल भी बाढ़ से भर गया तो ऊंची सड़क पर डेरा डाले रहे।
– रघुवीर, ग्राम पैलानी
विषैले जीवों का डर
बाढ़ के पानी से भरे सभी गांवों की बिजली कटी हुई है। गांव में जिन लोगों के पास सोलर प्लेट है, उनकी सोलर प्लेट से मोबाइल चार्ज कर रात में रोशनी करते हैं। सांप-बिच्छू भी सूखे में घूमते रहते हैं। हमेशा डर लगा रहता है।
– सर्वेश ग्राम पैलानी
गंगा के जलस्तर में आई गिरावट
शारदा नहर खंड से जारी रिपोर्ट के अनुसार, बृहस्पतिवार को रामगंगा का जलस्तर 159.540 गेज था जो कि शुक्रवार को बढ़कर 159.650 गेज हो गया है। वहीं गर्रा का जलस्तर बृहस्पतिवार को 143.75 था, जो कि शुक्रवार को बढ़कर 143.90 हो गया है। गंगा के जलस्तर में गिरावट आई है। वहीं नरौरा बैराज से शुक्रवार को गंगा में 1,07,213 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। वहीं रामगंगा में विभिन्न बैराजों से 48,352 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। गर्रा नदी में दियूनी बैराज से 2,946 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। संवाद
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में शुक्रवार को टीम भेजी गई थी। जब बाढ़ थी तो लोगों को राहत सामग्री बांटी गई थी, लेकिन अब बाढ़ नहीं है। लोगों को सरकार की ओर से मुफ्त में हर माह राशन दिया जाता है। अगर लोगों को आई फ्लू या कोई और बीमारी है तो शनिवार को स्वास्थ्य शिविर लगवाया जाएगा।
– डॉ. सुरेश कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व
प्रशासन ने आधी-अधूरी मदद की, मुख्यमंत्री को लिखेंगे पत्र
जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने बताया कि प्रशासन ने बाढ़ पीड़ितों की आधी-अधूरी मदद ही की है। पर्याप्त नाव भी उपलब्ध नहीं कराई गईं हैं। जिन लोगों का बाढ़ में नुकसान हुआ है, उनकी मदद के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर विधानसभा में भी प्रश्न उठाएंगे।

बाढ़ पीड़ित ग्राम पैलानी में बाढ़पीड़ितों की समस्याएं सुनते नायब तहसीलदार पूनम मधुकर। संवाद

बाढ़ पीड़ित ग्राम पैलानी में बाढ़पीड़ितों की समस्याएं सुनते नायब तहसीलदार पूनम मधुकर। संवाद

बाढ़ पीड़ित ग्राम पैलानी में बाढ़पीड़ितों की समस्याएं सुनते नायब तहसीलदार पूनम मधुकर। संवाद

बाढ़ पीड़ित ग्राम पैलानी में बाढ़पीड़ितों की समस्याएं सुनते नायब तहसीलदार पूनम मधुकर। संवाद

बाढ़ पीड़ित ग्राम पैलानी में बाढ़पीड़ितों की समस्याएं सुनते नायब तहसीलदार पूनम मधुकर। संवाद

बाढ़ पीड़ित ग्राम पैलानी में बाढ़पीड़ितों की समस्याएं सुनते नायब तहसीलदार पूनम मधुकर। संवाद

बाढ़ पीड़ित ग्राम पैलानी में बाढ़पीड़ितों की समस्याएं सुनते नायब तहसीलदार पूनम मधुकर। संवाद