शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार पर लगाया ब्रेक

Connect News 24

Fog put brakes on the speed of trains

ट्रेन के इंजन की जाली में हवा घुसने से रोकने को लगाया गया प्ला​स्टिक। संवाद

शाहजहांपुर। कोहरे के कारण तमाम ट्रेनें जहां निरस्त हैं, वहीं संचालित ट्रेन देरी से आ रहीं हैं। इसका कारण ट्रेनों की गति का धीमा होना है। वर्तमान में ट्रेनों को 60 से 75 किमी की गति से ही चलाया जा रहा है। इसके चलते बुधवार को तमाम ट्रेनें अपने निर्धारित समय के बाद आ सकीं।

शीतलहर के साथ ही कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सड़क मार्ग पर भीषण कोहरे के कारण कई दुर्घटनाएं हो रही हैं तो रेल संचालन पर भी इसका असर पड़ा है। रेल अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में ट्रेनों को 60 से 75 किमी की गति से ही चलाया जा रहा है। इसको लेकर रेल प्रशासन ने निर्देश जारी किए हैं। साथ ही ट्रेनों में जीपीएस भी लगाए गए हैं जिससे लोको पायलटों को ट्रेनों का संचालन करने में दिक्कत न हो लेकिन कोहरा इतना घना होता है कि लोको पायलट पूरी गति के साथ ट्रेनों का संचालन नहीं कर पा रहे। अधिकांश ट्रेनों के इंजन में ब्लोअर भी काम नहीं कर रहे हैं। इससे लोको पायलट को समस्या से जूझना पड़ रहा है जो इंजन डीजल से चलते हैं, उनमें लगे जाल से इंजन के भीतर हवा भी घुसती रहती है और केबिन ठंडा हो जाता है। इससे बचने के लिए लोको पायलट इंजन के आगे कपड़ा या प्लास्टिक बांध रहे हैं।

लखनऊ जाने वाली ट्रेनें तीन घंटे तक रहीं लेट

– लखनऊ से बरेली जाने वाली ट्रेनों में 15073 टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस 30 मिनट, 13151 जम्मूतवी एक्सप्रेस एक घंटा 27 मिनट, 22453 मेरठ सिटी राज्यरानी एक्सप्रेस 15 मिनट, 12469 जम्मूतवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस तीन घंटा 15 मिनट, 13307 गंगा सुतलज एक्सप्रेस 30 मिनट की देरी से आई। बरेली की ओर से चलकर लखनऊ को जाने वाली ट्रेनों में 12232 लखनऊ सुपरफास्ट तीन घंटा, 13308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस दो घंटा 18 मिनट, 13006 अमृतसर हावड़ा एक्सप्रेस तीन घंटा, 13152 कोलकाता एक्सप्रेस दो घंटा और 15006 गोरखपुर राप्तीगंगा एक्सप्रेस एक घंटा 50 मिनट की देरी से आई। जबकि शाहजहांपुर में ठहरने वाली करीब एक दर्जन ट्रेनें निरस्त चल रही हैं, जिसकी वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

कोहरे के कारण लोको पायलटों को ट्रेनों के संचालन करने में समस्या आती है। इससे ट्रेनों की गति पर असर पड़ा है। इसी कारण रेलवे ने तमाम ट्रेनों को निरस्त कर रखा है। इनका संचालन फरवरी में शुरू होगा। – वीरेंद्र कुमार झा, लोको इंस्पेक्टर


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button