Shahjahanpur News: ढाई वर्ष से फरार धोखाधड़ी का आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार

राजस्थान से गिरफ्तार वीरपाल
पुवायां। धोखाधड़ी कर दूसरे की जमीन बेचने के आरोप में नामजद खुटार के एक आरोपी को पुलिस ने ढाई वर्ष बाद जयपुर से गिरफ्तार कर चालान कर दिया। कोर्ट से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
खुटार के मोहल्ला रायटोला निवासी परसादीलाल ने 27 जनवरी 2020 को पुवायां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके चाचा बिहारी के नाम खुटार खास में कृषि योग्य जमीन थी। मोहल्ला नरायनपुर के लालाराम ने धोखाधड़ी कर किसी और को बिहारी बनाकर और असली बिहारी को मृत दर्शाकर 27 जुलाई 1998 को जमीन का बैनामा करा लिया, जबकि बिहारी की मृत्यु पांच जून 2008 में हुई थी। रिपोर्ट में खुटार के ही वीरपाल, लालबहादुर और सुरेश को भी आरोपी बनाया गया था।
मोहल्ला पटवा वार्ड निवासी वीरपाल और सुरेश दो वर्ष से फरार चल रहे थे। पुलिस के काफी प्रयास करने के बाद भी दोनों का पता नहीं चल रहा था। अब पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद से वीरपाल को राजस्थान के जनपद जयपुर से पकड़ लिया है। सुरेश अभी भी पुलिस पकड़ से बाहर है। आरोपी को कोर्ट से जेल भेज दिया गया है।

