Shahjahanpur News: सहेली ने बनवाया युवती का वीडियो, ब्लैकमेल कर रुपये ऐंठे
पीड़िता ने सहेली सहित चार लोगों पर दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
पुवायां। सहेली ने साजिश रचकर पुरुष मित्र के सहयोग से एक युवती का वीडियो बनवा लिया। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर रुपये भी ऐंठ लिए। फिर से रुपये मांगे जाने पर युवती ने इन्कार किया तो उसे पीटा। पीड़िता ने चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी गांव की ही एक युवती से दोस्ती है। उसका सहेली के घर आना-जाना है। सहेली के घर जाने के दौरान उसने एक युवक की मदद से उसका वीडियो बना लिया और रुपये मांगने लगा। रुपये नहीं देने पर वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देने लगा। इस पर उसने आरोपी को कुछ रुपये भी दिए। 25 जुलाई को सहेली और उसके दोस्त ने उसे बुलाया और फिर रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर सहेली, सहेली के दोस्त, एक अन्य युवती और युवक ने गाली-गलौज करते हुए लात, घूंसों से पीटकर घायल कर दिया।
शोर सुनकर मां बचाने आई तो उन्हें भी पीटा गया। धमकी दी गई कि कहीं शिकायत की तो जान से मार दिया जाएगा। उसने परिजन को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद वह परिजन के साथ पहुंची और तहरीर दी। पुलिस ने दो युवतियों समेत चार लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।