Shahjahanpur News: बच्ची को चंदे से नसीब हुआ कफन, बिलख पड़ी मां
शाहजहांपुर। रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के पास डिवाइडर पर लेटी हरदोई जिले के थाना कोतवाली की पिहानी चुंगी निवासी वैशाली की आठ माह की बेटी प्रीति को युवक ने फेंककर मार डाला था। शुक्रवार को बच्ची का पोस्टमार्टम हो सका। पति के जेल में होने के कारण उसका साथ स्टेशन के ऑटो चालकों ने दिया। चालकों ने चंदा इकट्ठा कर प्रीति के अंतिम संस्कार का इंतजाम किया। शव को मोक्षधाम के पास दफन कर दिया गया।
बुधवार देर रात करीब दो बजे डिवाइडर पर लेटी वैशाली की आठ माह की बेटी प्रीति को सिंधौली के गांव आयुं निवासी अशोक उठाकर भागा था। लोगों के घेरने पर उसने प्रीति को फेंक दिया था। इससे उसकी मौत हो गई थी। जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अकेली वैशाली को स्टेशन के चालकों ने सहारा दिया। वैशाली व उसके बेटे के लिए खाने का इंतजाम कराया। सुबह ही ऑटो चालक शिवम, पवन कश्यप, अमन, सौरभ, राहुल, रवि आदि ने पहुंचकर सांत्वना दी। शाम चार बजे पुलिस द्वारा शव सुपुर्दगी के बाद ऑटो चालकों ने कफन का इंतजाम चंदे के जरिए किया। उसके बाद मोक्षधाम के पास शव को दफन किया गया। बेटी के शव को देखकर वैशाली बिलख पड़ी। लोगों ने उसे सांत्वना दी।