Shahjahanpur News: कांवड़ियों के जत्थे गुजरे, बरेली मोड़ पर बैरिकेडिंग लगाकर रूट डायवर्ट किया

कांवडि़यों के रूट में जेल रोड पर किया गया पैच वर्क और ट्रांसफार्मर के किनारे वेरिकेडिंग।संवाद
शाहजहांपुर। सावन के पहले सोमवार को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने रविवार को कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर बरेली मोड़ चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर रूट डायवर्ट कर दिया। अनुबंधित बसों को शहर के भीतर के बजाए हथौड़ा और हरदाेई बाईपास से चलाया गया। व्यवस्था को पटरी पर रखने के लिए चौराहे पर पुरुष एवं महिला उप निरीक्षकों के साथ क्यूआरटी व यातायात सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई है। दूसरी ओर हाईवे पर कांवड़ियों के आने पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहेंगे।
कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने रूट डायवर्जन का खाका तैयार किया था। शनिवार को कांवड़ यात्रियों के न आने से व्यवस्था यथावत रही। रविवार की सुबह बरेली मोड़ चौराहे पर फर्रुखाबाद से जल भरकर आने वाले कांवड़ियों को पास कराने के लिए शहर के अंदर जाने वाले मार्ग पर रोड के दाहिनी ओर संकेतक लगाकर ट्रैफिक बंद करा दिया गया। पैदल निकलने वाले कांवड़िए इसी मार्ग से होकर निकलेंगे।
हरदोई मार्ग पर भी दाहिनी तरफ कांवड़ियों का पैदल मार्ग बनाया गया है। रोड के बाईं ओर से हरदोई की ओर से आने वाले वाहन बरेली की ओर जाएंगे। इसके अलावा चौराहे से डग्गामार वाहनों को हटवा दिया गया है। यातायात सुगम रखने के लिए एक ट्रैफिक उपनिरीक्षक समेत दो ट्रैफिक सिपाही के साथ सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात है। इसके अलावा हरदोई बाईपास चौराहे पर भी बैरिकेडिंग और संकेतांक लगाकर रोड के एक तरफ कांवड़ियों के निकलने के लिए मार्ग बनाया गया है। दूसरी तरफ वाहन गुजारे जाएंगे।
ट्रांसफार्मराें की बैरिकेडिंग कराई गई, सड़कें हो रहीं दुरुस्त
कांवड़ यात्रियों के शहर में आने को लेकर भी रास्ता तैयार कर लिया। कांवड़ के रूट पर पड़ने वाले ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग करा दी गई है। इसके अतिरिक्त खंभाें पर पॉलीथिन लपेटी गई। इसी तरह खराब सड़कों को भी दुरुस्त करने का काम कराया जा रहा है।
सीओ ने ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया
सीओ यातायात जगदीश लाल टम्टा ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर रविवार को मीरानपुर कटरा में बॉर्डर का जायजा लिया। उन्होंने बरेली के सीओ व टीआई से चर्चा भी की। उन्होंने कांवड़ यात्रा के रूट का भ्रमण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त भी कराया है।
शहर के अंदर नहीं आईं अनुबंधित बसें
कांवड़ यात्रा को देखते हुए शहर के अंदर अनुबंधित बसों के आने पर रविवार को पाबंदी रही। यह व्यवस्था सोमवार को भी लागू रहेगी। अनुबंधित बसों का संचालन शहर के बाहर हथौड़ा व हरदोई बाईपास से कराया गया।
सावन के पहले सोमवार को देखते हुए सारी तैयारियां पूरी हैं। रूट डायवर्जन को सख्ती से लागू कर दिया गया है। ड्यूटी भी आवंटित कर दी गई है। – जगदीश लाल टम्टा, सीओ यातायात

कांवडि़यों के रूट में जेल रोड पर किया गया पैच वर्क और ट्रांसफार्मर के किनारे वेरिकेडिंग।संवाद