Shahjahanpur News: बाघ एक्सप्रेस से गिरकर होटल कर्मी की मौत
शाहजहांपुर। भैयादूज पर उत्तराखंड से घर लखनऊ जा रहे होटल कर्मचारी की मंगलवार सुबह बाघ एक्सप्रेस से गिरकर बंथरा रेलवे स्टेशन के पास मौत हो गई। शव के पास मिले मोबाइल फोन से पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी। जीआरपी ने पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में पहुंचे परिजनों को शव सौंप दिया।
लखनऊ जिले के थाना मानकनगर धोबी वाली गली एलडी 104/बी आरडीएसओ निवासी राजेश कुमार के पुत्र अंकित चौहान (20 वर्ष) उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक होटल में नौकरी करते थे। दिवाली पर उन्हें छुट्टी नहीं मिली थी। इस कारण परिवार के साथ भैयादूज का पर्व मनाने के लिए घर आ रहे थे। सोमवार रात बाघ एक्सप्रेस में वह सवार हुए। मंगलवार सुबह करीब पौने पांच बजे तिलहर थाना क्षेत्र के बंथरा रेलवे स्टेशन के नजदीक ट्रेन से वह अचानक गिर गए। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मेमो आने के बाद इंस्पेक्टर जीआरपी रेहान अहमद ने एसआई जैद सिद्दीकी को मौके पर भेजा और शव कब्जे में ले लिया।
रात में पांच मिनट भाई से हुई थी बात : अंकित ने ट्रेन में सवार होने से पहले अपने छोटे भाई रोहित को मोबाइल फोन पर कॉल कर रुद्रपुर स्टेशन पहुंचने की जानकारी दी थी। उसने बताया था कि ट्रेन थोड़ी देर में आने वाली है। दोबारा नेटवर्क की दिक्कत की वजह से कॉल नहीं लगी।
बहन कर रही थी इंतजार, घर पहुंचा शव : परिवार की आर्थिक स्थिति को सहारा देने के लिए अंकित ने बड़े होने के चलते रुद्रपुर में होटल में नौकरी शुरू की थी। वह कई महीने से घर नहीं आए थे। इकलौती बहन रीतिका से टीका करवाने के लिए अंकित ने दिवाली के बजाय भैयादूज पर छुट्टी ली थी। रितिका भी उसका इंतजार कर रही थी, लेकिन मंगलवार शाम भाई का शव पहुंचने के बाद बहन बिलख पड़ी।