Shahjahanpur News: वैष्णो देवी जाने वाली ट्रेन में दो महीने तक सीट मिलना मुश्किल
शाहजहांपुर। गर्मी की छुट्टियों में पहाड़ की वादियां सभी को लुभाती हैं। इसके लिए लोगों ने महीनों पहले से ट्रेनों में सीटें बुक करा रखी हैं। आलम यह है कि ज्यादातर ट्रेनों में 250 से ऊपर वेटिंग चल रही है। इससे कंफर्म सीटें मिलना मुश्किल हो गया है। अगर मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाना है तो कम से कम दो महीने इंतजार करना पड़ सकता है।
मां वैष्णो देवी के दर्शष्के लिए लोग ट्रेन से कटरा तक जाते हैं। यहां से जाने के लिए जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन में सबसे ज्यादा रिजर्वेशन होते हैं। कटरा तक जाने वाली गाड़ी संख्या 13151 जम्मूतवी एक्सप्रेस के स्लीपर क्लास में 200 वेटिंग चल रही है। थर्ड एसी में 66 और सेकंड एसी में 13 वेटिंग है। देहरादून के लिए शाहजहांपुर जंक्शन से गुजरने वाली गाड़ी संख्या 13009 दून एक्सप्रेस के स्लीपर क्लास में 26, थर्ड एसी में 43 और सेकंड एसी में आठ वेटिंग है।
इसी तरह से लालगढ़ जंक्शन से चलकर डिब्रूगढ़ जाने वाली गाड़ी संख्या 15910 अवध-असम एक्सप्रेस के स्लीपर क्लास में 145, थर्ड एसी में 77 तथा सेकंड एसी में 24 वेटिंग चल रही है। अजमेर शरीफ जाने वाली गाड़ी संख्या 15715 गरीब नवाज एक्सप्रेस के स्लीपर क्लास में 242, थर्ड एसी में 32 वेटिंग है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर देहरादून एक्सप्रेस (15001), राप्तीगंगा एक्सप्रेस (15005), हरिद्वार फेस्टिवल स्पेशल (02191) चंडीगढ़ फेस्टिवल एक्सप्रेस (02221) में भी लंबी वेटिंग चल रही है।
ट्रेनों में उमड़ रही भीड़, पायदान पर लटक कर कर रहे सफर
लेटलतीफी और लंबी वेटिंग के बावजूद ट्रेनों खचाखच भरकर चल रही हैं। ज्यादातर ट्रेनों में आगे कई महीने तक कन्फर्म सीट मिलना मुश्किल है। जनरल कोचों में तो लोग पायदान तक लटके रहते हैं। बृहस्पतिवार को त्रिवेणी एक्सप्रेस, अवध असम एक्सप्रेस, जम्मूतवी एक्सप्रेस समेत अधिकांश ट्रेनें पूरी तरह से भरकर आईं। यहां से ट्रेन में चढ़ने वाले यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पहाड़ी इलाकों में लोग छुट्टियां मनाने के लिए जाते हैं। इसके लिए महीनों पहले से रिजर्वेशन शुरू हो जाते हैं। ट्रेनों में 250 तक वेटिंग जा रही है। ऐसे में दो महीने तक कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल होगा। – पीएस तोमर, स्टेशन अधीक्षक, शाहजहांपुर जंक्शन