Shahjahanpur News: सभी वाहनों के लिए खोला जाए कोलाघाट पुल, धरना शुरू

कोलाघाट धरना स्थल पर नायब तहसीलदार पंकज कुमार को ज्ञापन देते आंदोलनकारी।
मिर्जापुर। सभी वाहनों के लिए कोलाघाट पुल शुरू करने की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्यों, प्रधानों, अधिवक्ताओं और भाकियू कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के साथ धरना शुरू कर दिया दिया है। बृहस्पतिवार तक पुल शुरू न होने पर शुक्रवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी दी गई है।
धरनास्थल पर जिला पंचायत सदस्य रामकुमार राठौर ने कहा कि केंद्रीय सड़क अनुसंधान एवं जांच विभाग की रिपोर्ट में पुल भारी वाहनों के चलने योग्य नहीं पाया गया तो फिर पुल की मरम्मत में साढ़े छह करोड़ रुपये खर्च क्यों किए गए? उन्होंने कहा कि कोलाघाट पुल की लोडेड वाहन निकालकर जांच करा ली जाए। इसके बाद हल्के चार पहिया वाहनों को निकलने की अनुमति दे दी जाए।
धरने पर पहले दिन जिला पंचायत सदस्य ओमपाल कुशवाहा, रवीश पाल कुशवाहा, अनिरुद्ध यादव, धर्मेंद्र यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामवीर सिंह सोमवंशी, कमलेश यादव, अक्षय सिंह परमार, चौधरी विनोद यादव, भाकियू जिला उपाध्यक्ष उदयवीर यादव, सत्यप्रकाश सक्सेना, गोपाल सिंह परमार, दीपक नन्दवंशी, प्रधान मनोज कुशवाहा आदि ने हिस्सा लिया।
धरना शुरू होने की सूचना पर नायब तहसीलदार पंकज कुमार ने थाना प्रभारी विनोद कुमार तोमर के साथ जिला पंचायत सदस्यों से ज्ञापन लेकर धरना समाप्त करने के लिए कहा। इस पर आंदोलनकारियों ने कहा कि जब तक कोलाघाट पुल शुरू नहीं हो जाता वे गांधीवादी तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेंगे। मांग न मानी गई तो शुक्रवार से धरना भूख हड़ताल में बदल जाएगा।

