Shahjahanpur News: खुटार-गेंहुआ मार्ग पर दिखा तेंदुआ, वीडियो वायरल

खुटार गेंहुआ मार्ग किनारे बैठा तेंदुआ
रात में घर जाते समय लोगों ने बनाया वीडियो, वन विभाग की टीम ने की कांबिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
खुटार। खुटार से गांव गेंहुआ जाने वाले मार्ग पर बुधवार रात तेंदुआ देखा गया। रात में कार से घर जा रहे लोगों ने तेंदुए का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। जानकारी पाकर वनकर्मी मौके पर पहुंचे और तलाश की।
खुटार निवासी जितेंद्र मिश्रा गांव गेंहुआ के देवनरायन मिश्रा के साथ कार से रात में गेंहुआ जा रहे थे। सड़क किनारे धान के खेत के पास झाड़ियों में एक तेंदुआ दिखा। कार को देखकर तेंदुआ रोड किनारे काफी दूर तक चलता रहा। कार सवार लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। जानकारी पाकर खुटार के मोहल्ला रायटोला, देवस्थान आदि के लोग भी लाठी, डंडे लेकर रास्ते पर पहुंचे और शोरशराबा किया।
सूचना पर वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और कांबिंग शुरू की। बृहस्पतिवार को तेंदुआ गांव गेंहुआ के पास रामप्रकाश मिश्रा के गन्ने के खेत के पास देखा गया। वनकर्मियों ने गांव रसवा कलां, कुंभिया माफी, रायपुर पटियात, राठ और गेहुंआ के पास तेंदुए के पगमार्क देखे। रेंजर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि तेंदुआ गांव गेंहुआ के पास दिखाई दिया था। लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।