Shahjahanpur News: एमआरएफ सेंटर की मशीनें फांक रहीं धूल… 52 लाख हो गए कूड़ा

पुवायां में सतवां मार्ग पर लगा कूड़े का पहाड़। संवाद
पुवायां। नगर पंचायत को भले ही नगर पालिका परिषद का दर्जा मिल गया है, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते यहां के बाशिंदे तमाम समस्याओं से जूझ रहे हैं। नगर पालिका की ओर से 52 लाख रुपये खर्च कर बनाया गया एमआरएफ (मेटेरियल रिकवरी फैसेलिटी) सेंटर शो-पीस बना हुआ है। कूड़े का निस्तारण न होने से सतवां मार्ग के पास डंपिंग ग्राउंड में पहाड़ खड़ा हो गया है। यह लोगों को बीमारियां बांट रहा है। नगर में भी सफाई व्यवस्था बदहाल है।
नगर पालिका की ओर से सतवां मार्ग के पास 35.80 लाख रुपये की लागत से एमआरएफ सेंटर बनाया गया था। इसमें मशीनों के माध्यम से कूड़े का निस्तारण किया जाना था। सेंटर के पास डंपिंग ग्राउंड पर कूड़ा भी एकत्र किया जाने लगा। धीरे-धीरे ग्राउंड में कूड़े का पहाड़ बन गया। लोगों को उम्मीद थी कि सेंटर शुरू होने पर गंदगी और कूड़े से निजात मिल सकेगी।
एमआरएफ सेंटर भवन का 20 दिसंबर 2021 को तत्कालीन चेयरमैन संजय गुप्ता ने लोकार्पण भी कर दिया था। इसके बाद सितंबर 2022 में कूड़ा निस्तारण के लिए 16 लाख रुपये की मशीनें भी मंगवा ली गईं। मशीनें सेंटर में लगवाने के बजाय नगर पालिका परिसर में रखवा दी गईं हैं। जिम्मेदार यह बताने को तैयार नहीं हैं कि मशीनें आखिर लगवाई क्यों नहीं जा रही हैं।
डंपिंग ग्राउंड फुल, अब रास्ते पर डाला डा रहा कूड़ा
डंपिंग ग्राउंड में कूड़े का पहाड़ बन गया है। एक ओर की दीवार ढह जाने से कूड़ा पड़ोसी किसान के खेत में फैल गया है। डंपिंग ग्राउंड भरने के बाद कूड़ा रास्ते में डाला जाने लगा। अब रास्ते पर भी जगह नहीं बची है।
हाईवे किनारे दबाया जा रहा कूड़ा
डंपिंग ग्राउंड के फुल हो जाने पर अब कूड़ा शाहजहांपुर पलिया हाईवे पर जेबां चौराहे से आगे डाला जा रहा है। पहले कूड़े को ऐसे ही छोड़ दिया जाता था। सड़ांध उठने पर लोगों ने शिकायत की तो कूड़े को जेसीबी से गड्ढा खोदकर दबाया जाने लगा है। हालांकि इससे संक्रामक रोग फैलने का खतरा बना हुआ है।
1495 ट्रॉली कूड़ा है डंप
नगर पालिका की ओर से कूड़े का निस्तारण कराने की रिपोर्ट स्वच्छ भारत निदेशालय को भेजी गई है। एक सप्ताह पूर्व भेजी गई सूचना में बताया गया है कि 1495 ट्रॉली कूड़ा डंप हो चुका है। इसका निस्तारण कराया जाना आवश्यक है। अभी निदेशालय की ओर से इस संबंध में कोई जवाब नहीं मिला है।

पुवायां में सतवां मार्ग पर लगा कूड़े का पहाड़। संवाद

