Shahjahanpur News: सहालग के सीजन में आठ ट्रेनें निरस्त होने से यात्री परेशान
शाहजहांपुर। बनारस में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते आठ ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों की दुश्वारियां बढ़ गईं हैं। इससे रेलवे की आय भी प्रभावित हो रही है। जिले से गुजरने वाली ट्रेनों के निरस्त होने से अब तक 150 से अधिक रिजर्वेशन रद्द हो चुके हैं। यात्री सफर के लिए रोडवेज बस स्टेशन का रुख कर रहे हैं, लेकिन वहां भी उन्हें राहत नहीं मिल रही है। 37 रोडवेज बसों के चुनाव में लगे होने से ज्यादातर रूटों पर यातायात की व्यवस्था लड़खड़ा गई है।
दो मई से शादियों का सीजन शुरू हो गया है। इसके चलते रोडवेज बस अड्डा और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ उमड़ रही है। बनारस में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते 30 अप्रैल से बरेली-बनारस एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, मुगलसराय एक्सप्रेस, रोजा-बरेली-बनारस समेत आठ ट्रेनों को रद्द किया गया है। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेनें निरस्त होने से लोग अपना रिजर्वेशन कैंसिल करा रहे हैं। मंगलवार को 25, सोमवार को 50, रविवार को 40 रिजर्वेशन रद्द कराए गए। बुधवार को भी करीब 30 रिजर्वेशन रद्द किए गए।
जनरल टिकट लेकर सफर करने वाले यात्रियों को भी दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ रहा है। ट्रेनों के निरस्त होने का फायदा परिवहन निगम को मिल रहा है। रोडवेज की 37 बसें चुनाव ड्यूटी में जाने के बाद भी उसके राजस्व में कमी नहीं आई है। डिपो इंचार्ज विनोद मिश्रा बताते हैं कि निगम की 66 और 82 अनुबंधित बसों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं। हालांकि यात्रियों की संख्या के अनुरूप बसें न होने से सीटों को लेकर मारामारी रहती है।
ट्रेन में यात्री की तबीयत बिगड़ी
-राजगीर से चलकर नई दिल्ली जाने वाले 12391 श्रमजीवी एक्सप्रेस में एसी प्रथम में सीट नंबर 66 पर सफर कर रही 14 साल की रोशनी की तबीयत बिगड़ गई। ट्रेन के लखनऊ से चलने के बाद रोशनी को बुखार आ गया। टीटीई ने कंट्रोल को सूचित किया तो शाहजहांपुर में 11.30 बजे रेलवे के डॉक्टर ने उपचार किया। डॉ.राजेंद्र माथुर, सोमवीर द्वारा प्राथमिक उपचार करने के बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया। इस बीच करीब दस मिनट तक गाड़ी खड़ी रही।
नहीं चल सकीं ईटीएम, किराये का सत्यापन शुरू
– परिवहन निगम की वेबसाइट पर साइबर हमले के बाद बुधवार को भी ईटीएम शुरू नहीं हो सकीं। मुख्यालय से सॉफ्टवेयर पर नए सिरे से किराया सत्यापित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद निगम ने दो कंप्यूटर ऑपरेटरों को काम पर लगाया है। उम्मीद है कि बृहस्पतिवार से ईटीएम से टिकट बनने शुरू हो जाएंगे।

