Shahjahanpur News: मालगोदाम रोड पर बनेगा रेलवे जंक्शन का मुख्य द्वार
शाहजहांपुर। रेलवे जंक्शन के मुख्य द्वार को मालगोदाम रोड पर बनाने की काफी समय से मांग उठ रही थी। अब इस दिशा में जल्द काम शुरू होने की संभावना है। इससे शहर की 70 प्रतिशत आबादी को लाभ मिल सकेगा।
शनिवार को डीआरएम अजय नंदन ने शाहजहांपुर में मालगोदाम रोड का शिलान्यास किया था। इस दौरान वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने डीआरएम से मालगोदाम रोड पर जंक्शन का मुख्य द्वार बनाने की मांग की थी। उन्होंने बताया था कि वर्तमान में रेलवे जंक्शन का मुख्य द्वार जलालनगर की ओर है। जहां शहर की कुल आबादी का 30 प्रतिशत हिस्सा ही रहता है। मालगोदाम की ओर से रेलवे जंक्शन पर आने वाले यात्रियों को टिकट लेने के लिए काफी लंबा चक्कर काटना पड़ता है। इस बीच ट्रेन भी छूटने की आशंका बनी रहती है।
टिकट और आरक्षण काउंटर भी शिफ्ट करने के दिए निर्देश
– वित्त मंत्री से बातचीत के बाद डीआरएम ने टिकट और आरक्षण की व्यवस्था भी मालगोदाम रोड की ओर द्वार पर करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्लेटफार्म नंबर एक भी उधर ही शिफ्ट करने और ट्रेनों का संचालन किए जाने के लिए कहा गया है।
फुट ओवरब्रिज बनने के साथ लगेगी स्वचालित सीढि़यां
– रेलवे स्टेशन पर नया फुट ओवरब्रिज भी बनाया जाएगा। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए स्वचालित सीढि़यां भी लगेगी। जिससे दिव्यांग, बुजुर्ग और महिलाओं को सीढि़यां चढ़ने-उतरने में परेशानी न हो।
शाहजहांपुर-पीलीभीत लाइन के प्लेटफार्म भी जोड़ने की योजना
– रेलवे जंक्शन के आगे ही शाहजहांपुर-पीलीभीत रेलखंड की ट्रेनों के संचालन को स्टेशन बना हुआ है। चूंकि अब शाहजहांपुर-पीलीभत रेलखंड का अमान परिवर्तन हो चुका है और ब्राडगेज की गाड़ियों का संचालन हो रहा है तो उनके लिए बनाए गए प्लेटफार्म को जंक्शन तक जोड़ने की की योजना भी है। जिसको लेकर पूर्व में ही डीआरएम की ओर से निर्देश दिए जा चुके हैं।
रेलवे जंक्शन का मालगोदाम रोड पर मुख्य द्वार बनाने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। इसी ओर टिकट बुकिंग व रिजर्वेशन की व्यवस्था की जाएगी। फुट ओवरब्रिज से सभी प्लेटफार्म को जोड़ा जाएगा, स्वचालित सीढि़यां लगेंगी। अन्य यात्री सुविधाएं भी बढ़ाई जाएगी। – पीएस तोमर, स्टेशन अधीक्षक, शाहजहांपुर