Shahjahanpur News: बगैर प्लान आज से 22 दिन तक बंद रहेगी मुख्य सड़क
शाहजहांपुर। सीवर लाइन बिछाने के लिए रोड कटिंग का कार्य होने के कारण मंगलवार से वाईके सिंह अस्पताल से फायर स्टेशन तक रास्ता 12 दिसंबर तक करीब 22 दिन के लिए बंद कर दिया गया। वहीं यातायात पुलिस ने इस संबंध में अब तक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान भी तैयार नहीं किया है। सीओ ट्रैफिक का कहना है कि उन्हें सोमवार को जल निगम की ओर से सूचना मिली है। अधिकारियों से वार्ता के बाद ही प्लान बनाया जा सकेगा।
अंटा चौराहा-कचहरी मार्ग शहर का काफी व्यस्ततम मार्ग है। यहां पर तमाम अस्पताल, स्कूल आदि मौजूद हैं। इसके चलते दिनभर आवागमन बना रहता है। इस रोड पर वाईके सिंह अस्पताल से फायर स्टेशन तक के मार्ग पर सीवर लाइन बिछाने के लिए कटिंग की जाएगी। जल निगम के एक्सईएन सुनील कुमार यादव ने बताया कि सीवर लाइन बिछाने के लिए रोड कटिंग के दौरान पांच से छह मीटर तक गहरी खोदाई की जाएगी। रास्ता बंद कर मार्ग परिवर्तन लागू किए जाने के लिए एसपी सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ यातायात को पत्र लिखा गया है। बताया कि रोड कटिंग के दौरान ओसीएफ, विद्युत, दूरसंचार व अन्य केबल लाइनों तथा जल फीडर की लाइन क्षतिग्रस्त हो सकती है। इनकी मरम्मत सीवर लाइन बिछाने के साथ ही की जाएगी। एक्सईएन ने बताया कि यह कार्य 12 दिसंबर तक चलेगा। तब तक पूरी तरह से मार्ग परिवर्तन व्यवस्था लागू रहेगी।
तालमेल का अभाव, जनता भुगत रही खामियाजा
जल निगम और पुलिस यातायात विभाग में तालमेल का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। दो साल से सीवर लाइन डालने के लिए चल रही खोदाई के दौरान यही देखने में आया है। मुख्य सड़क पर कहां और कब खोदाई होगी, इसकी जानकारी अक्सर जल निगम की ओर से यातायात विभाग को नहीं दी जाती रही। खोदाई के कारण जाम लगने और जनता के परेशान होने पर पुलिस पर सवाल खड़े हुए। मंगलवार को अंटा चौराहे से कचहरी मार्ग पर रोड कटिंग से पहले भी तालमेल का यही अभाव लोगों के लिए सिरदर्द बनना तय है।
जल निगम की ओर से सोमवार को पत्र मिला है। कई दिन तक खोदाई का काम होना है। इसके बारे में उच्च अधिकारियों से वार्ता करने के बाद निर्णय लिया जाएगा। इतने दिन तक रास्ता बंद करने से आमजन को दिक्कत आएगी। इसके लिए अभी कोई प्लान तैयार नहीं किया गया।
जगदीश लाल टम्टा, सीओ यातायात