Budaun News: लापता किशोर का शव गंगा में मिला
कछला। उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव हुसैनपुर से लापता किशोर राजेश का शव सोमवार को गंगा नदी में पड़ा मिला। ग्राम हुसैनपुर निवासी राजेश (14) पुत्र कुंवरपाल कश्यप दो दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिवार वालों के मुताबिक वह मानसिक मंदित था। सभी जगह तलाशा, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला था।
सोमवार को किशोर का शव हुसैनपुर के मजरा ढकनगला के नजदीक गंगा नदी में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर परिवार वाले और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किशोर का शव गंगा से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राजेश के तीन भाई और एक बहन है। कछला चौकी इंचार्ज विक्रम सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगा कि उसकी मौत कैसे हुई। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाद