VIDEO : घरों में बढ़ा क्लेश तो महिलाओं ने थामी लाठी, शराब का ठेका बंद कराने के लिए किया प्रदर्शन
बरेली के थाना भोजीपुरा क्षेत्र के गांव जटऊपट्टी में मंगलवार को महिलाओं ने गांव के बाहर सरकारी देसी शराब के ठेके को बंद कराने के लिए प्रदर्शन किया। गांव की महिलाएं हाथों में लाठी-डंडे लेकर ठेके पर पहुंच गईं। महिलाओं का गुस्सा देखकर सेल्समैन दुकान का शटर गिराकर भाग गया। महिलाओं का कहना था कि गांव के बाहर देसी शराब की दुकान खोली गई है। ये नवाबगंज तहसील के गांव शायपुर के लिए स्वीकृत है। जबकि गांव जटऊपट्टी सदर तहसील में आता है। शराब की दुकान खुलने से गांव के युवक नशा करने लगे हैं। घरों में कलह-क्लेश बढ़ने लगा है। चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। इसलिए गांव की कई महिलाओं ने देसी शराब का ठेका बंद कराने को लेकर प्रदर्शन किया। भोजीपुरा थाने के एसआई मोदी सिंह ने बताया कि गांव में देसी शराब की दुकान बंद करवाने को लेकर महिलाओं ने प्रदर्शन किया है। आबकारी विभाग को सूचना दी गई है। महिलाओं को समझा-बुझाकर घर भेज दिया गया है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।



