Shahjahanpur News: मरीजों की पहचान के लिए बुलाई थी बैठक, आयुष्मान कार्ड पर हुई बहस

नगर पालिका पुवायां के सभागार में सदस्यों, चेयरमैन और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच होती बहस। संवाद
पुवायां। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नगर पालिका सभागार में टीबी के मरीजों की पहचान और उनकी मदद के लिए बुलाई बैठक में चेयरमैन और सदस्यों ने विभागीय कर्मचारियों की मनमानी पर नाराजगी जताई। बैठक में काफी बहस होने के कारण टीबी मरीजों का मूल मुद्दा गायब हो गया और आयुष्मान कार्ड के मुद्दे पर ही बहस होती रही।
सरकार की ओर से टीबी मुक्त मेरा वार्ड अभियान की शुरुआत कराई गई है। इसके तहत नगर के सभी वार्डों में टीबी मरीजों को चिह्नित करके उनका उपचार कराया जाना है। इसके अलावा संभ्रांत लोगों से टीबी मरीजों को गोद लेकर उनकी मदद करने की भी अपील की जानी है। इसके लिए बुधवार को नगर पालिका सभागार में केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और पालिका सदस्यों की बैठक बुलाई गई थी।
बैठक में चेयरमैन संजय गुप्ता, ईओ सतेंद्र प्रकाश, व्यापार मंडल महामंत्री पवन मिश्रा, केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष संचित सिंह के साथ ही जिला प्रोग्राम कोआर्डिनेटर सिद्धार्थ गुप्ता, आरती सिंह, सीएचसी प्रभारी डॉ. नरेंद्र पाल, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक पूजा गुप्ता, आयुष्मान मित्र अखिल गुप्ता भी पहुंचे थे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मरीजों के लक्षण बताते हुए उन्हें स्वास्थ्य उपकेंद्र पर भेजने के साथ ही गरीब मरीजों को गोद लेकर मदद करने की अपील की। इस पर नगर पालिका सदस्यों ने कहा कि नगर में कुछ माह पूर्व आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए आवेदन लिए गए थे, जिनके कार्ड आजतक नहीं बन सके हैं।
चेयरमैन संजय गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारी मनमर्जी से काम कर रहे हैं। बिना पैसे लिए कोई काम नहीं होता। इस दौरान मौके पर मौजूद आयुष्मान मित्र अखिल गुप्ता ने जवाब देना चाहा तो चेयरमैन और सदस्यों की उनसे काफी बहस हो गई। इस पर सीएचसी प्रभारी डॉ. नरेंद्र पाल ने समझाकर मामले को शांत किया। उन्होंने अखिल गुप्ता से कहा कि जिन लोगों के आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन हुए थे, उनके कार्ड निकलवाकर उपलब्ध कराएं। इसके लिए वह रोजाना पालिका कर्मचारियों के साथ काम करेंगे। चेयरमैन और पालिका सदस्यों ने इस पर सहमति जताई।
कुछ स्वास्थ्यकर्मियों का रवैया ठीक नहीं है। बिना पैसे लिए काम ही नहीं करते। आयुष्मान कार्ड के आवेदक परेशान घूम रहे हैं। अगर सुधार नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री से शिकायत की जाएगी। – संजय गुप्ता, चेयरमैन नगर पालिका
आयुष्मान मित्र अखिल गुप्ता, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक पूजा गुप्ता की आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए ड्यूटी लगाई गई है। बृहस्पतिवार को चेयरमैन के मोहल्ले से काम की शुरुआत होगी। – डॉ. नरेंद्र पाल, सीएचसी प्रभारी