Shahjahanpur News: टैंकर की टक्कर से साइकिल सवार दूधिये की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Tue, 26 Dec 2023 12:22 AM IST

रामबक्श का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। साइकिल से दूध बेचने जा रहे बुजुर्ग की सोमवार सुबह जमुका तिराहे पर टैंकर की टक्कर से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त घना कोहरा था। हादसे के बाद आरोपी चालक मय वाहन फरार हो गया।
थाना रोजा क्षेत्र के गांव जमुका दौलपुर निवासी रामबक्श प्रजापति (60) दूध बेचने का काम करते थे। वह सोमवार सुबह करीब आठ बजे घर से दूध लेकर साइकिल से गांव कटिया के लिए निकले थे। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर जमुका तिराहा के पास सीतापुर की ओर से आ रहे दूध से भरे टैंकर की टक्कर उनकी साइकिल में लग गई जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते तब तक टैंकर लेकर चालक भाग गया। लोगों के मुताबिक हादसा कोहरे के कारण हुआ। लोगों ने रामबक्श के परिजनों को सूचना दी। इधर, पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल रामबक्श को राजकीय मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से बेटे आनंदीराम और शिशुपाल का रो-रोकर बुरा हाल है। रोजा थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर आ गई है। अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।

