Shahjahanpur News: लूटने के इरादे से हाईवे पर बदमाशों ने किराना व्यापारी को मारी गोली

राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कपिल गुप्ता।
शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली नेशनल हाईवे पर लखीमपुर खीरी जिले के थाना जेबीगंज के सल्लिया निवासी किराना व्यापारी 25 वर्षीय कपिल गुप्ता को बदमाशों ने गोली मार दी। बदमाशों ने लूटने के इरादे से पहले लात मारकर कपिल की बाइक गिराने की कोशिश की। नाकाम रहने पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद भी कपिल ने बाइक नहीं रोकी। वह एक किलोमीटर तक बाइक भगा ले गए। आगे पुलिस दिखने पर बाइक रोकी। उन्हें गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
किराना व्यापारी कपिल गुप्ता के भाई सचिन की सगाई होनी है। इसके लिए सामान खरीदने के लिए कपिल बृहस्पतिवार को परिवार के साथ शाहजहांपुर आए थे। खरीदारी के बाद परिवार के लोग कार से घर चले गए, जबकि कपिल बाइक से रोजा होते हुए घर जा रहे थे। रात करीब साढ़े नौ बजे चकभिटारा और बरतारा के बीच बाइक सवार तीन बदमाश पीछे से आए और लात मारकर कपिल की बाइक गिराने की कोशिश की। बदमाशों को देख कपिल ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी।
इस पर बदमाशों ने उनके ऊपर फायर कर दिया। गोली उनकी पीठ में लगी। इसके बावजूद कपिल ने बाइक नहीं रोकी। वह करीब एक किलोमीटर तक बाइक भगा ले गए। बरतारा गांव के पास पुलिस की गाड़ी खड़ी देखकर उन्होंने बाइक रोकी और पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद एंबुलेंस से कपिल को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया। सूचना पर सीओ सदर अमित चौरसिया ने पुलिस फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचकर घायल की स्थिति जानी। शुक्रवार को कपिल गुप्ता का ऑपरेशन किया गया।
पुलिसकर्मी के मोबाइल से दी परिजनों को सूचना
परिजनों के अनुसार, कपिल या उनके परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं है। ऐसे में बदमाशों के कपिल को लूटने के इरादे से वारदात को अंजाम देने का शक है। बदमाशों ने पहले कपिल की बाइक गिरानी चाही, उनके बाइक न रोकने पर बदमाशों ने गोली चलाई। कपिल के मोबाइल फोन की बैटरी खत्म हो चुकी थी। उन्होंने एक पुलिसकर्मी से मोबाइल मांगकर परिवार वालों को घटना की जानकारी दी।
तहरीर आने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है। – सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी