Shahjahanpur News: खुदी सड़कों पर कीचड़ ही कीचड़, निकला दूभर

जेल रोड पर कीचड़ के चलते लगा जाम
शाहजहांपुर। प्री-मानसून की बारिश में सड़कों पर कीचड़ से लोगों का चलना मुश्किल हो गया। दिनभर बाइक सवार कीचड़ में फिसलते नजर आए। यहां बता दें कि डाली जा रही सीवर लाइन की वजह से शहर के अधिकांश क्षेत्रों में सड़कें खुदी पड़ी हैं।
शहर में सड़कों को खोदकर सीवर लाइन डालने का काम दो साल से जल निगम की ओर से किया जा रहा है। इसके लिए मुख्य मार्गों के साथ ही गलियों की सड़कों को भी खोदकर छोड़ दिया गया है। सभी को अंदेशा था कि बारिश होने पर स्थिति और भयावह हो सकती है। मंगलवार को बारिश होने पर ऐसा ही हुआ। खोदी गईं सभी सड़कों पर भयानक कीचड़ के चलते उनसे गुजरना तक दूभर हो गया। सबसे ज्यादा दुर्दशा जेल रोड और गल्ला मंडी में देखने को मिली।
खिरनीबाग चौराहा से जेल की ओर जाने वाले रोड पर सड़क की खोदाई हो रही है। बीएसए कार्यालय के सामने जेसीबी से खोदाई का काम जारी रहा, जिससे कार्यालय के कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा तो वहीं जेल के सामने से लेकर इस्लामिया स्कूल तक कीचड़ होने से जाम की स्थिति बनी रही।
अंटा चौराहा की ओर से जाने वाले मार्ग पर बृजविहार कॉलोनी की गली के पास ही मुख्य सड़क पर खोदाई की गई है, यहां पर कीचड़ हो गई है। बेरी चौकी से मालखाना मोड़ मार्ग पर कई जगह सड़क पर पानी भरा मिला। गल्ला मंडी में खोदी पड़ी सड़क पर बारिश में कीचड़ होने से दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। राशन से लदे ठेले और वाहनों के पहिये गिली मिट्टी में फंसते रहे।
पंखी चौराहे पर मिट्टी पड़े होने से हुई कीचड़
सदर बाजार स्थित पंखी चौराहा पर पिछले दिनों सीवर लाइन का चैंबर बनाने के लिए सड़क खोदी गई थी। चैंबर बनाए जाने बाद गड्ढा मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया। बारिश होने से मिट्टी गीली हुई तो फिसलन बढ़ गई। वाहन चालक इससे बचकर निकलते दिखाई दिए। सदर बाजार चौराहा पर भी चैंबर बनाए जाने को गड्ढा किया गया है, जिसके चारों ओर से टिन लगाई गई है। खोदाई होने से चौराहा पर जाम की स्थिति बनी रही। मोहल्ला रंगीन चौपाल, महमंद हद्दफ, बारादरी, कटिया टोला, बहादुरगंज तथा चौक क्षेत्र में भी खोदी पड़ी गलियों की सड़कें पर कीचड़ होने के कारण चलना मुश्किल रहा। वाहन चालकों के साथ क्षेत्रवासियों को परेशानी उठानी पड़ी।
उबड़-खाबड़ सड़कों पर हुआ जलभराव
सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गईं कुछ सड़कें जैसे-तैसे मरम्मत किए जाने से उबड़-खाबड़ हो गईं हैं। जगह-जगह गड्ढे हैं, जिनमें मंगलवार को बारिश होने पर जलभराव हो गया। पॉश कॉलोनी सेठ इंक्लेव के पास ही मुख्य सड़क पर नाली चोक होने से जलभराव देखने को मिला। मल्हार मोड़ से लाल इमली चौराहा मार्ग पर भी कई जगह जलभराव हो गया।

जेल रोड पर कीचड़ के चलते लगा जाम

जेल रोड पर कीचड़ के चलते लगा जाम

जेल रोड पर कीचड़ के चलते लगा जाम