Shahjahanpur News: अब जिला कारागार के आसपास की सड़कों पर खोदाई, लगा जाम
शाहजहांपुर। सीवर लाइन के लिए की जा रही खोदाई से सोमवार को भी लोगों को जाम से जूझना पड़ा। बगैर ट्रैफिक प्लान के हो रही खोदाई का खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। सड़कें खोदे जाने से वाहनों का निकलना दूर पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है।
सोमवार को सीवर लाइन डालने के लिए जिला कारागार के आसपास की सड़कों पर खोदाई हुई। जिला कारागार के सामने से अंटा चौराहा मार्ग पर जेसीबी से सड़क खोदी गई। इसके चलते सड़क पर चलने की जगह भी नहीं बची। थोड़ी-सी जगह से ही राहगीर और वाहन चालक निकलने का प्रयास करते रहे, इस बीच जाम की स्थिति बन गई। किसी तरह से वाहन निकलकर लोग अपने गंतव्य तक पहुंचे।
इसी तरह से इस्लामिया इंटर कॉलेज से बहादुरगंज की ओर जाने वाले मार्ग पर खोदाई हुई। जहां चैंबर बनाए जाने के लिए सड़क को खोदा गया है। इसकी वजह से वाहनों के निकलने का रास्ता भी नहीं बचा। पैदल और साइकिल सवार ही इधर से गुजर सके। इससे वाहन चालक ही नहीं क्षेत्रवासी भी परेशान रहे। सबसे ज्यादा दिक्कत बाजार आने-जाने वाले लोगों को हुई। इस्लामिया इंटर कॉलेज से जेल के पीछे तक आने के बाद उन्हें फिर वापस लौटना पड़ा और दूसरे मार्ग से होकर बाजार तक गए।
खिरनीबाग में नहीं सही हो पा रहा लीकेज
खिरनीबाग में बिस्मिल पार्क से जीआईसी खेल मैदान की ओर जाने वाली रोड पर मोड के पास ही जलापूर्ति की लाइन में लीकेज हो गया है। इसके लिए सड़क को खोदकर गड्ढा किया गया है। यह गड्ढा पिछले एक सप्ताह से खुला हुआ है और कर्मचारी लीकेज की वजह से भरने वाले पाली को निकालते दिखाई देते हैं, लेकिन अभी तक लीकेज को ठीक नहीं कर सके हैं। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम के महाप्रबंधक जल सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि लीकेज की वजह से घरों में पानी की सफाई पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। कर्मचारियों को लीकेज ठीक करने के लिए लगाया गया है, जल्द ही उसे सही करवा दिया जाएगा।
वर्जन::::
सीवर लाइन डालने के लिए सड़कों की खोदाई हो रही है। जहां सीवर लाइन पड़ जाती है, वहां पर गड्ढा भर दिया जाता है। इससे किसी को परेशानी न हो। जेल रोड के आसपास अभी काम चलेगा। – सुनील कुमार यादव, एक्सईएन, जल निगम