Shahjahanpur News: विवि की महिला क्रिकेट टीम से खेलेगीं पल्लवी और अंशिका
शाहजहांपुर। जीएफ कॉलेज की दो छात्राओं पल्लवी और अंशिका का चयन महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली की महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। दोनों हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में 16 से 22 नवंबर तक होने वाले नॉर्थ जोन टूर्नामेंट में भाग लेंगी।
पल्लवी जीएफ कॉलेज में बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा हैं। वह पिछले वर्ष भी विश्वविद्यालय स्तर पर खेल चुकी हैं। उनका लक्ष्य डब्ल्यूपीएल और इंडिया की टीम के लिए खेलना है। इसके लिए वह शुरुआत से ही प्रयासरत हैं। वहीं, अंशिका अंडर 19 की खिलाड़ी रहीं हैं। इससे पहले लखनऊ खेलने गई थीं। बातचीत में उन्होंने बताया कि उनका पहली बार विश्वविद्यालय की टीम में चयन हुआ है। पिता भगवान दास खेती-बाड़ी करते हैं लेकिन वह उन्हें काफी समर्थन करते हैं।
टीम में चयन गर्व की बात : कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद तारिक ने पल्लवी सिंह और अंशिका के चयन पर बधाई दी। कहा कि विश्वविद्यालय टीम में चयन होना बड़े ही गर्व की बात है। इनसे अन्य खिलाड़ी भी प्रेरित होंगे। क्रीड़ा सचिव डॉ. फैयाज अहमद ने कहा कि पल्लवी और अंशिका के चयन से जनपद में क्रिकेट के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आएगा। महिला खिलाड़ियों का ध्यान क्रिकेट की तरफ आकर्षित होगा और जिले से प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर महिला खिलाड़ी खेलती नजर आएंगी। कॉलेज क्रीड़ा विभाग के सैयद अनीस अहमद, डॉ. नसीम अख्तर, डॉ. मोहम्मद शोएब, डॉ. इमरान खान, डॉ. मसीहउल्लाह खान, डॉ. जमील अहमद खान, डॉ. अमीर खान, डॉ. शीबा महजबी, डॉ. शमशाद अली, डॉ. इरम जहां, डॉ. मोहम्मद काशिफ नईम, डॉ. समन जेहरा जैदी, डॉ. मोहम्मद तुफैल खान, डॉ. रिफाकत हुसैन और डॉ. इमरान अहमद खान ने भी खुशी जताते हुए बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।