Shahjahanpur News: क्रॉसिंग बंद होने से रेलवे स्टेशन पहुंचने में लोग हुए परेशान

तिलहर में रेलवे क्रॉसिंग पर हो रहे निर्माण कार्य से आवागमन बंद होने से परेशान लोग। संवाद
तिलहर। निगोही जाने वाले रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज के निर्माण के चलते कार्यदायी संस्था सेतु निगम ने बुधवार को रेलवे क्रॉसिंग पूरी तरह से बंद कर दिया। इससे लोगों को रेलवे स्टेशन और गांव डभौरा पहुंचने में काफी परेशानी हुई।
15 जून को ओवरब्रिज के निर्माण की शुरुआत हुई थी। इस दौरान दक्षिण दिशा में रस्तोगी धर्मशाला और उत्तर दिशा में कब्रिस्तान के पास से आवागमन का रास्ता बंद कर दिया गया था। बाद में लोगों के द्वारा आंदोलन किए जाने पर चीनी मिल गेस्ट हाउस वाला मार्ग खोल दिया गया था। इस मार्ग से आने जाने वाले लोग रेलवे क्रॉसिंग के समीप से होकर निकल जाते थे, लेकिन बुधवार को रेलवे क्रॉसिंग के समीप ओवरब्रिज के पिलर का निर्माण शुरू कर देने से रेलवे क्रॉसिंग का निकास पूरी तरह से बंद हो गया है। लोगों को रेलवे स्टेशन और डभौरा जाने के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ लोगों ने जबरन निकलने की चेष्टा की वे मिट्टी के मलबे में फिसलकर गिर गए। गांव डभौरा निवासी रितेश कुमार ने उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है कि शीघ्र ही गांव डभौरा और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे की पश्चिम दिशा वाली क्रॉसिंग को खुलवाने का प्रयास करें।
यहां बता दें कि निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता ने कुछ दिन पहले यहां आकर रेलवे स्टेशन के पश्चिम दिशा की रेलवे फाटक को खुलवाने के लिए मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिखा था लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
आवागमन बाधित नहीं होने दिया जाएगा। टीम भेजकर इसका निरीक्षण कराकर जानकारी ली जाएगी और आवागमन को सुचारू किया जाएगा। – दीपशिखा सिंह, एसडीएम तिलहर