Shahjahanpur News: महिला के घर में घुसी पुलिस, तलाशी के नाम पर तोड़फोड़

सेहरामऊ दक्षिणी के बरेंग गांव में किरन के घर में बिखरा पड़ा सामान
पीड़ित महिला ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की
सिपाहियों पर लगा नकदी गायब करने का आरोप, ग्रामीणों में रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव बरेंग निवासी किरन कुमारी के घर में पुलिसकर्मी घुस गए। आरोप है कि सिपाहियों ने परिवार के सदस्यों को कमरे में बंद कर घर में तलाशी लेते हुए तोड़फोड़ की। पुलिस पर नकदी गायब करने का भी आरोप है।
घटना 24 जुलाई की रात की है। किरन कुमारी ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि रात करीब साढ़े नौ बजे चार सिपाही उसके घर में घुस आए। उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मुंह दबाकर चुप रहने की धमकी दी। शोर-शराबा होने पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए तो किरन, उसकी बेटी व पुत्रवधु को कमरे में बंद कर कुंडी लगा दी। इसके बाद घर की तलाशी ली। अलमारी के ताले तोड़कर सामान को तहस-नहस कर दिया। किरन का आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद उसने अलमारी चेक की तो दस हजार रुपये गायब थे।
युवक के तमंचा लेकर घूमने की शिकायत पर पुलिस मौके पर गई थी। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है।
– सुधीर जायसवाल, एसपी सिटी