Shahjahanpur News: शाम तक नहीं खुला अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए आवेदन को पोर्टल

कार्यालय बेसिक शिक्षा अधिकारी शाहजहांपुर
शाहजहांपुर। बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों के अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए आवेदन की प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू होनी थी। आवेदन पोर्टल पर किए जाने थे, लेकिन दोपहर बाद तक पोर्टल ही नहीं खुला। इसकी वजह से पहले दिन शिक्षक आवेदन नहीं कर सके।
जिले में 2720 परिषदीय विद्यालय हैं। इनमें 7200 से अधिक शिक्षक तैनात हैं। इनमें से कई अपने गृह जनपद से दूर यहां नौकरी कर रहे हैं। ये लंबे समय से अपने जिले में वापसी का इंतजार कर रहे हैं।
सरकार ने इन शिक्षकों के लिए अंतरजनपदीय स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू होनी थी, लेकिन दोपहर बाद तक पोर्टल ही नहीं खुला। लिहाजा शिक्षक स्थानांतरण के लिए आवेदन नहीं कर पाए। अब शुक्रवार से आवेदन पोर्टल खुलने की संभावना है। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे।
स्थानांतरण आवेदन के लिए ये शिक्षक होंगे पात्र
अंतरजनपदीय स्थानांतरण के लिए जिले में पांच वर्ष नियमित सेवा करने वाले शिक्षक और दो वर्ष नियमित सेवा करने वाली शिक्षिकाएं आवेदन करने के लिए पात्र होंगी। तबादले की पात्रता के दायरे में करीब 10 प्रतिशत शिक्षक-शिक्षिकाओं आ रहे हैं। स्थानांतरण के लिए दिए जाने वाले भारांक से जुड़े सभी प्रमाणपत्र देने होंगे। इसकी व्यवस्था प्रक्रिया शुरू करने से पहले करनी होगी। बीएसए कुमार गौरव ने बताया कि एक से दूसरे जिले के लिए स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शुक्रवार को पोर्टल खुलने पर आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
गंभीर रूप से बीमार दोबारा कर सकते हैं आवेदन
अंतरजनपदीय और पारस्परिक स्थानांतरण के लिए शासनादेश जारी किया गया है। इसके अनुसार न्यायालय के आदेश के अनुपालन में केवल शिक्षिका, जिन्होंने शादी के पहले और असाध्य व गंभीर रोग से पीड़ित शिक्षिका/शिक्षक (खुद या पति/पत्नी व अविवाहित पुत्र-पुत्री), जिन्होंने पहले स्थानांतरण का लाभ लिया है, वे दूसरी बार भी आवेदन करने के लिए पात्र होंगे।