Shahjahanpur News: बारिश में बिजली की लाइन ट्रिप, तीन ट्रांसफार्मर भी हुए खराब
शाहजहांपुर। बारिश के चलते बिजली का नेटवर्क पटरी से उतर गया है। बारिश में बिजली की लाइन ट्रिप होने के साथ ही ट्रांसफार्मर भी खराब हो गए। इसके चलते उपभोक्ताओं को काफी दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ा। नए ट्रांसफार्मर लगवाने पर घंटों बाद सप्लाई बहाल की जा सकी।
सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे निगोही रोड उपकेंद्र का पुलिस लाइन फीडर ट्रिप हो गया। इस फीडर के सैकड़ों उपभोक्ताओं के घरों की बत्ती गुल हो गई। इसके चलते लोगों को दिक्कतों से जूझना पड़ा। बारिश होने के चलते लाइन पर काम भी शुरू नहीं हो सका। करीब डेढ़ घंटे के बाद लाइन को दुरुस्त कराकर सप्लाई को शुरू कराया गया। इसी तरह तकनीकी फाल्ट के चलते रोडवेज बस अड्डे के पास 100 केवी का ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इसके चलते करीब 200 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसी तरह हथौड़ा क्षेत्र में दो ट्रांसफार्मर में खराबी आई है।
ट्रांसफार्मर लगाने के लिए चार-पांच घंटे बंद रहेगी सप्लाई
अब्दुल्लागंज विद्युत उपकेंद्र की ओवरलोडिंग खत्म करने के लिए दस एमवीए का नया ट्रांसफार्मर मिल गया है। मंगलवार को इसे लगाने का काम शुरू किया जाएगा। जेई आदर्श कुमार ने बताया कि मौसम ठीक रहने पर ट्रांसफार्मर लगाने का काम होगा। इसके चलते चार से पांच घंटे तक बिजली बाधित रहेगी।