Shahjahanpur News: नकब लगाकर दो लाख रुपये की संपत्ति ले गए

सिंधौली में थाने के सामने दुकान से गायब मोबाइल
पीड़ित ने दी तहरीर, पुलिस ने किया मौका मुआयना
संवाद न्यूज एजेंसी
खुटार। मंगलवार रात चोरों ने गांव बेला निवासी जगपाल के घर नकब लगाकर दस हजार की नकदी सहित लगभग दो लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जगपाल ने पुलिस को बताया कि वह सफाई कर्मी हैं। उनकी तैनाती गांव बेला ढाका में है। मंगलवार रात वह खाना खाने के बाद परिवार सहित सो गए। रात में किसी समय चोरों ने मकान में पीछे की ओर से नकब लगा दी और अंदर घुस आए। चोरों ने घर में रखे दस हजार रुपये, सोने के झाले, दो जोड़ी कुंडल, मंगलसूत्र, चांदी की तीन जोड़ी पायल आदि चोरी कर लिए।
बुधवार सुबह सोकर उठने पर चोरी का पता चल सका। जगपाल के शोर मचाने पर गांव के तमाम लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच की। कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है। जगपाल ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने और चोरों का पता लगवाने की मांग की है।
जगपाल ने बताया है कि उनके मकान के पीछे खलिहान की खाली जमीन पड़ी है और कुछ ही दूरी पर आम का बाग हैं। आबादी न होने का लाभ उठाते हुए चोरों ने नकब लगा दी। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।
–
मां के इलाज के लिए की थी रुपयों की व्यवस्था
जगपाल ने बताया कि उनकी मां सरोमा देवी का इलाज चल रहा है। मां के इलाज के लिए उसने दस हजार रुपयों की व्यवस्था कर रखे थे। चोर रुपये ले गए हैं, इस कारण वह मां की दवा लेने भी नहीं जा सके।
00
थाने के पास मोबाइल की दुकान से लाखों की चोरी
सिंधौली। थाना क्षेत्र के गांव चांदा निवासी आसिफ खां की कोतवाली के सामने हाईवे पर स्थित मोबाइल की दुकान में रात में चोरी हो गई। चोर करीब ढाई लाख रुपये के मोबाइल चोरी कर ले गए।
आसिफ खां की कस्बे में कोतवाली के मुख्य द्वार के सामने स्थित हाईवे के किनारे मोबाइल की दुकान है। रात किसी समय लोहे की खोखानुमा दुकान की छत पर लगी टिन तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए। यहां से चोर करीब ढाई लाख रुपये के मोबाइल फोन चोरी कर ले गए।
बुधवार की सुबह दुकान पर पहुंचे आसिफ ने शटर खोला तो अंदर सामान बिखरा मिला। कोतवाली की ओर लगी खिड़की खुली होने पर दुकान स्वामी ने आसपास के व्यापारियों को चोरी की सूचना दी। इसके बाद व्यापारी इकट्ठा होकर थाने में पहुंचे। पुलिस ने मौका-मुआयना किया है। आसिफ ने थाने में तहरीर दी है। थाने के सामने चोरी होने से पुलिस की गश्त पर सवाल खड़ा होने लगा है। इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। संवाद