Shahjahanpur News: बाजार में राखियों और उपहारों की दुकानों पर रही रौनक

बहादुरगंज में राखी की दुकान पर खरीदारी करती युवतियां। संवाद
– शाम तक गुलजार रहीं छोटी-बड़ी दुकानें, जमकर हुई बिक्री
संवाद न्यूज एजेंसी
शाजहांपुर। रक्षाबंधन का पर्व 30 अगस्त की रात नौ बजे से बाद शुरू हो जाएगा। 31 अगस्त उदयीमान पूर्णिमा पर पूरे दिन पर्व मनाया जाएगा। जिसको लेकर बाजार गुलजार होने लगे हैं। राखियों और उपहारों की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है।
मंगलवार को सदर बाजार से लेकर चौक तक और जलालनगर में राखियों की दुकानें सज गईं। जिन पर राखियां खरीदने के लिए बहनें पहुंचीं। बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधने के लिए सुंदर-सुंदर राखियां खरीदीं। सबसे ज्यादा सूती और रेशमी धागे की राखियों की खरीदारी हुई।
बाजार में बच्चों के लिए कार्टून वाली राखियां भी आईं हैं, जिनकी भी खूब मांग है। अपनी माताओं के साथ बाजार आ रहे बच्चे इन्हें पसंद कर रहे हैं। इनके अलावा स्पेशल राखियां भी हैं, जिनमें चंद्रयान-3 की तस्वीर वाली राखी, तिरंगे वाली राखी, ईष्ट देवों के चित्र वाली राखी शामिल हैं।
इनके साथ ही ज्वैलरी के शोरूम में भी भीड़-भाड़ दिखी। बहनें अपने भाइयों के लिए सोने तथा चांदी की राखियों को पसंद करती नजर आईं। जिसकी कीमत 500 रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक रही। राखी विक्रेता उदय प्रताप ने बताया कि राखियों की खूब मांग है, रक्षाबंधन पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
–
बहनों को उपहार स्वरूप देने के लिए स्मार्ट वॉच और स्टाइलिश हैंडबैग की मांग
शाहजहांपुर। बाजार में बहनों को देने के लिए यूनिट गिफ्ट आए हैं। जिनकी खरीदारी भी शुरू हो गई है। गिफ्ट विक्रेता शोभित गुप्ता ने बताया कि बहनों के लिए ब्रेसलेट, परफ्यूम, सिस्टर मग, कंप्यूटराइज्ड मग, फोटो फ्रेम, टैडी की मांग रहती है। जोकि 50 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक उपलब्ध हैं। जनरल स्टोर संचालक गौरव ने बाताया कि बहनों को उपहार स्वरूप चॉकलेट पैक, ड्राई फ्रूट पैक की मांग होती है। जोकि 100 रुपये से लेकर 1500 रुपये तक हैं।
सराफा व्यापारी विनीत गुप्ता बताते हैं कि भाई अपनी बहनों के लिए सोने और चांदी के आभूषण लेते हैं। इसको ध्यान में रखकर अंगूठी, चेन, नाक की नथ, कान की वाली आदि के ऑर्डर मिले हैं। जोकि वजन के हिसाब से मिलते हैं, जोकि 10000 रुपये से एक लाख रुपये तक हैं। इनके अलावा भाई अपनी बहन को लेटेस्ट मॉडल वाली स्मार्ट वॉच, मनपसंद लेखक की किताब, योगा मैट, स्टाइलिश हैंडबैग और ड्रेस भी उपहार स्वरूप देते हैं। जोकि बाजार में उपलब्ध हैं।

बहादुरगंज में राखी की दुकान पर खरीदारी करती युवतियां। संवाद