Shahjahanpur News: आचार संहिता उल्लंघन में पूर्व चेयरमैन और उनके भाई पर रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Thu, 04 May 2023 01:10 AM IST
कांट। नगर पंचायत कांट से कांग्रेस प्रत्याशी मुनारा बेगम के पुत्र पूर्व चेयरमैन रईस मियां और उनके भाई शहजाद खां के खिलाफ पुलिस ने बिना अनुमति पैदल मार्च निकालने पर आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने रिपोर्ट में 100 से 150 लोग अज्ञात दर्शाए हैं। नगर निकाय चुनाव में जिले में आचार संहिता उल्लंघन का पहला मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूर्व चेयरमैन रईस मियां की मां मुनारा बेगम कांग्रेस प्रत्याशी हैं। मंगलवार शाम को रईस मियां समर्थकों के साथ रहमतपुर में बैठक के बाद वोट मांग रहे थे। इस बीच एडीजी की बैठक से लौटे थाना प्रभारी जयशंकर सिंह ने भीड़ देखकर जुलूस रोक लिया। पुलिस का कहना था कि बिना अनुमति के जुलूस निकाला जा रहा है।
फ्लाइंग स्क्वाड टीम के उप निरीक्षक इंद्रजीत सिंह व मजिस्ट्रेट लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर दिलीप कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अध्यक्ष पद की प्रत्याशी मुनारा बेगम के बेटे रईस मियां व शहजाद खां और 100 से 150 समर्थकों के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज कर लिया। मामले की रिपोर्ट डीएम व एसपी को भेज दी गई है। पूर्व चेयरमैन रईस मियां ने बताया कि वह डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर रहे थे। इस दौरान भीड़ इकट्ठा हो गई। उन्होंने कोई जुलूस नहीं निकाला था।