Shahjahanpur News: सीवर लाइन के लिए खोदी सड़कें बारिश के कारण कीचड़ में तब्दील

नाले की सफाई का निरीक्षण करते नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा
– दो दिनों से हो रही बारिश के कारण शहर की सड़कों पर हुआ जलभराव
– राहगीरों व वाहन चालकों को आवागमन के दौरान झेलनी पड़ी दुश्वारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। बारिश के कारण शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया है। सीवर लाइन डालने के लिए शहर में सड़कों की खोदाई का काम चलने और पहले से खोदी गई सड़कों की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिए जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को सुबह दस बजे से बारिश शुरू हुई, जोकि मंगलवार को सुबह आठ बजे तक जारी रही। फिर दोपहर में बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया। सीवर लाइन डालने को खोदी गईं सड़के कीचड़ से लबालब हो गईं। राहगीरों और वाहन चालकों को दुश्वरियां झेलनी पड़ रही हैं।
मंगलवार को शहर के लाल इमली चौराहा से रोडवेज बस अड्डा के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग की ओर आने वाले मार्ग, हॉकी क्लब के सामने से कवि तिराहा मार्ग की सड़क खोदी हुई होने से आवागमन में लोगों को परेशानी हुई। लोग कीचड़ के बीच से गुजरते रहे। यही हाल केरूगंज मार्ग का भी रहा।
मुख्य मार्गों के अलावा मोहल्लों व कॉलोनियों की गलियों में भी खोदाई हुई है। वहां भी हालात काफी खराब हो गए हैं। राहगीरों को यहां से गुजरने में परेशानी हो रही है। क्षेत्रवासियों को लिए खोदाई मुसीबत बन गई है। इनमें तारों वाला बाग, रंगीन चौपाल, चार खंभा, केरूगंज तथा घंटाघर के आसपास के मोहल्ले व गलियां शामिल हैं। शहीद पार्क के सामने, नगर निगम कार्यालय, रोडवेज से रेलवे स्टेशन रोड, कवि तिराहा पर जलभराव की स्थिति रही।
–
वर्जन:::
शहर में जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए नालों की सफाई करवा दी गई थी। जहां पर जलभराव हो रहा है, वहां नगर निगम द्वारा मोटर लगाकर पानी निकलवाया जा रहा है। नाले, नालियों की नियमित सफाई के निर्देश दिए हैं।
– संतोष कुमार शर्मा, नगर आयुक्त, नगर निगम
सीवर लाइन का काम 75 प्रतिशत पूरा हो गया है। बाकी का कार्य भी जल्द पूरा कराए जाने के लिए कवायद की जा रही है। कुछ समय के लिए दुश्वारियां झेलनी पड़ रहीं है, लेकिन आने वाले समय में लाभ ही होगा।
– सुनील कुमार, एक्सईएन, जल निगम
नगर आयुक्त ने जलभराव वाले स्थानों को ठीक करने के दिए निर्देश
शाहजहांपुर। शहर में जलभराव और नाले-नालियों की स्थिति का नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने किया। उन्होंने निशात टॉकीज, कटिया टोला, बाडूजई प्रथम, लाल इमली चौराहा, महमंद जलालनगर, आवास विकास कॉलोनी, ईदगाह तिराहा, सुभाषनगर, महिला थाना के पास जायजा लिया। खुले नालों की कवरिंग के लिए निर्माणाधीन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही बारिश के कारण जलभराव वाले स्थानों को भी तत्काल ठीक कराए जाने के लिए निर्देशित किया। अपर नगर आयुक्त एसके सिंह, मुख्य अभियंता सिविल एसके अम्बेडकर, अधिशासी अभियंता सिविल आशीष त्रिवेदी मौजूद रहे। संवाद