शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: जलालाबाद में रूट डायवर्जन रहा प्रभावी, कांवड़ियों का फूल बरसाकर स्वागत

Connect News 24

जलालाबाद। साप्ताहिक रूट डाइवर्जन के अंतिम दिन कांवड़ मार्ग शाहजहांपुर रोड पर याकूबपुर तिराहे से कांट होकर बरेली मोड़ तक भारी वाहनों के आवागमन पर रोक रही। सोमवार रात दस बजे से यह प्रतिबंध हटने के बाद शुक्रवार शाम तक चार दिन के लिए सभी रूट पर वाहनों का आवागमन फिर से सामान्य हो गया।

घटियाघाट से जल भरकर गोला जाने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर रूट डाइवर्जन की इस व्यवस्था का पालन कराने को प्रशासन ने शाहजहांपुर सहित बरेली फर्रुखाबाद हाईवे पर कई जगह बैरिकेडिंग कराकर पुलिस को तैनात किया है। गोला जाने वाले कांवड़ियों की संख्या भी काफी बढ़ गई है। याकूबपुर तिराहे से बारहपत्थर के बीच ज्यादातर कांवड़िये सड़क किनारे रुककर अपने अन्य साथियों का इंतजार या विश्राम आदि करते हैं। इसके चलते इस दूरी के बीच पुलिस की अतिरिक्त व्यवस्था है।

चेयरमैन शकील अहमद ने कराया भंडारा

सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष शकील अहमद व वार्ड सभासदों की ओर से शाहजहांपुर रोड पर भंडारे का आयोजन कर कांवड़ियों को भोजन कराया गया। उधर से गुजरने वाले कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। सोनू भारद्वाज, कौशल दीक्षित, मनोज अग्निहोत्री, रवि मिश्रा, ब्रह्मकुमार दीक्षित, अजय गुप्ता, आकाश गुप्ता आदि मौजूद रहे।

कांवड़ियों का किया स्वागत

तिलहर। हरिद्वार से जल भरकर डाक कांवड़ लेकर गोला गोकर्णनाथ जा रहे कांवड़ियों के जत्थे का श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। राइस मिलरा रामौतार गुप्ता ने परिजनों के साथ जत्थे का स्वागत किया। नगर पालिका गेट पर पालिकाकर्मियों ने कांवड़ियों पर पुष्प बरसाए। श्री हनुमान मंदिर पर विनीत अग्रवाल, चुन्नू अग्रवाल ने परिजनों के साथ यहां जलपान कराया। स्वागत करने वालों में अरविंद शर्मा, शिवाय शर्मा, मनोज गुप्ता नन्हे, सुमित गुप्ता, वैभव अग्रवाल आदि मौजूद रहे। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button