शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: घोटाले को बीते नौ माह, तब से पेंशन के लिए भटक रहे बुजुर्ग

Connect News 24

Nine months have passed since the scam, since then the elderly have been wandering for pension.

समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय शाहजहांपुर। संवाद

शाहजहांपुर। समाज कल्याण विभाग में घोटाले का शिकार हुए 2390 बुजुर्गों को अब तक पेंशन नहीं मिल सकी है। घोटाले का खुलासा होने के बाद इन सभी खातों को सीज कर दिया गया। अन्य लाभार्थियों के खातों में तीन-तीन माह की दो किस्त पहुंच गईं हैं, लेकिन बुजुर्गों के खाते खाली हैं।

वृद्धावस्था पेंशन घोटाले का खुलासा मार्च माह में हुआ था। तत्कालीन जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार को निलंबित कर दिया गया था। मामले में विभागीय जांच कराई गई। इसमें जिला समाज कल्याण विभाग दोषी पाया गया था।

2390 बुजुर्गों के खाते की रकम दूसरे खातों में भेजी गई थी। जांच में दूसरे खातों का पता लगाया गया और उनके वसूली भी की गई। अब तक 20 लाख रुपये की वसूली हो पाई है। जबकि घोटाला करीब ढाई करोड़ रुपये का है। खाताधारकों को विभाग की तरफ से नोटिस भी जारी किए गए हैं। जिन खातों का इस्तेमाल किया गया, उनकी केवाईसी भी कराई जा चुकी है, लेकिन उनके खातों में दो किस्तें नहीं भेजी गईं हैं।

मामले में वर्तमान जिला समाज कल्याण अधिकारी की ओर से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। नौ आरोपियों में एक आरोपी की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

नौ माह की किस्त पहले से ही फंसी

घोटालेबाजों ने 2390 बुजुर्गों के खाते में आई नौ माह की पेंशन यानी प्रति बुजुर्ग नौ हजार रुपये दूसरे खातों में भेज दी थी। करीब ढाई करोड़ रुपये का घोटाला किया गया। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक गबन की गई रकम की वसूली हो रही है लेकिन जिन बुजुर्गों की नौ माह पेंशन निकाली गई थी। इसका कोई शासनादेश नहीं है कि वह रकम उनके खातों में दोबारा भेजी जाएगी। कागजी प्रक्रिया चल रही है। पूरी होने के बाद ही शासन की तरफ से तय किया जाएगा कि इन बुजुर्गों के खातों में रकम कब भेजी जाएगी।

करीब 83 वृद्धों के खातों में तीन-तीन माह की दो किस्त भेजी जा चुकी हैं। धोखाधड़ी का शिकार हुए बुजुर्गों के खातों में कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद रकम भेजी जाएगी।

– वंदना सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button