Shahjahanpur News: एसडीएम को गैरहाजिर मिले पांच स्वास्थ्यकर्मी

पुवायां सीएचसी पर अभिलेख देखते एसडीएम
पुवायां। पुवायां सीएचसी पर अव्यवस्थाओं की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद डीएम के निर्देश पर एसडीएम ने बुधवार को सीएचसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण में अनुपस्थित मिले पांच कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
सीएचसी पर बुखार, त्वचा रोग, खांसी आदि के रोगियों की भीड़ उमड़ रही है। घंटों तक भीड़ में खड़े होने के बाद दवा मिलने की खबर अमर उजाला में छह सितंबर को प्रकाशित की गई थी। डीएम ने खबर का संज्ञान लेते हुए एसडीएम संजय कुमार पांडेय को सीएचसी का मुआयना करने के निर्देश दिए थे। एसडीएम सुबह सवा दस बजे सीएचसी पहुंचे। निरीक्षण में डेंटल हाइजिनिस्ट धर्मेंद्र शर्मा, स्टाफ नर्स मोनिका, शिखा भदौरिया, बीपीएम पूजा गुप्ता और एएनएम प्रियंका मिश्रा अनुपस्थित मिलीं। एसडीएम ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम केे निरीक्षण की जानकारी पाकर कई कर्मचारी सीट पर पहुंचे। एसडीएम ने समय से न आने पर नाराजगी जताते हुए उन्हें चेतावनी दी। कई रोगी जमीन पर बैठे मिलने पर एसडीएम ने समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था बेहद खराब मिलने पर भी एसडीएम ने नाराजगी जताई। एसडीएम ने कहा कि कोताही पर अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
बुखार के रोगी सबसे ज्यादा
सीएचसी पर बुखार के रोगी सबसे ज्यादा पहुंच रहे हैं। रोजाना दो सौ से अधिक रोगी बुखार की दवा लेने आ रहे हैं। कई रोगियों को तेज बुखार के साथ खांसी की भी शिकायत है। त्वचा रोगी भी काफी संख्या में आ रहे हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. नरेंद्र पाल ने बताया कि सभी रोगियों का समुचित उपचार किया जा रहा है।
सीएचसी पुवायां के निरीक्षण में पांच स्वास्थ्यकर्मी गैरहाजिर मिले हैं। अन्य व्यवस्थाएं भी दुरूस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।
– संजय कुमार पांडेय, एसडीएम पुवायां