Shahjahanpur News: सात वर्षीय बच्ची की रामगंगा में डूबने से मौत, चचेरे भाई को बचाया
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Wed, 31 May 2023 12:52 AM IST

मिर्जापुर में रामगंगा नदी में बच्चों के डूबने के बाद लगी भीड़
मिर्जापुर। थाना क्षेत्र के गांव चिकटिया निवासी श्यामू की सात वर्षीय पुत्री रागिनी की रामगंगा में डूबने से मौत हो गई। वह दादी और चचेो भाई के साथ रामगंगा पार कर खेत में काम कर रहे बाबा को खाना देकर लौट रही थी। अधिक गहराई होने पर रागिनी और चचेरा भाई हिमांशु डूब गए। ग्रामीणों ने हिमांशु को तो बचा लिया, लेकिन रागिनी की मौत हो गई।
मंगलवार दोपहर एक बजे ग्राम चिकटिया निवासी गुड्डी अपने चार वर्षीय पौत्र हिमांशु और सात वर्षीय पौत्री रागिनी के साथ रामगंगा पार खेत में काम कर रहे पति जुगेंद्रपाल को खाना देने गईं थीं। लौटते समय रामगंगा पार करते वक्त हिमांशु और रागिनी डूबने लगी। शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने हिमांशु को तो बचा लिया लेकिन रागिनी डूब गई। गोताखोरों ने लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद रागिनी का शव करीब दो किलोमीटर आगे ग्राम अतरी के निकट जाल डालकर ढूंढ निकाला। इंस्पेक्टर विनोद कुमार तोमर ने बताया कि मृतका के परिजन शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए तैयार नहीं हुए हैं।